देहरादून

ऑपरेशन प्रहार: बैरागीवाला हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत तीन और गिरफ्तार, हरियाणा के होटल से दबोचे गए आरोपी

देहरादून :01/072026
देहरादून पुलिस ने बहुचर्चित बैरागीवाला हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन और अभियुक्तों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही थी। ताजा गिरफ्तारी के बाद इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 की शाम सहसपुर क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेतों में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी तनाव की स्थिति बनी हुई थी और घटना से दो-तीन दिन पहले भी पानी छोड़ने को लेकर कहासुनी हुई थी।
विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ कथित रूप से मारपीट की, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों द्वारा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विनोद कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर के आधार पर सहसपुर कोतवाली में नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले चरण में छह आरोपियों रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज, इम्तियाज और इंतजार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को बड़ी सफलता उस समय मिली जब गुरुवार को मुख्य आरोपी अमन को उसके दो अन्य साथियों सावेज और आजम के साथ हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में सहसपुर पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान का नेतृत्व कोतवाली सहसपुर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत तथा एसओजी देहात प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पाण्डे के निर्देशन में किया गया।

Uma Shankar Kukreti