मा0 गृहमंत्री, भारत सरकार के लक्ष्मणझूला भ्रमण को लेकर पौड़ी पुलिस की चाक-चौबंद तैयारी
वीवीआईपी सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को उच्चाधिकारियों ने दी विस्तृत ब्रीफिंग, त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
पौड़ी गढ़वाल | 20 जनवरी 2026
दिनांक 21 जनवरी 2026 को मा0 गृहमंत्री, भारत सरकार के लक्ष्मणझूला क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत पौड़ी पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को पूर्णतः सुदृढ़, समन्वित एवं त्रुटिरहित बनाए जाने हेतु व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 20 जनवरी 2026 को गीता भवन कार्यक्रम स्थल पर वीवीआईपी ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।
वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजित इस ब्रीफिंग में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना/सुरक्षा श्री करन सिंह नगन्याल,पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध श्री धीरेन्द्र गुंज्याल,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री नवनीत सिंह भुल्लर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्री आयुष अग्रवाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों द्वारा वीवीआईपी सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से रूट सुरक्षा, कार्यक्रम स्थल एवं हैलीपैड की सुरक्षा, इंटेलिजेंस आधारित निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान उच्च सतर्कता, अनुशासन, संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं विनम्र व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक पूर्णतः अस्वीकार्य होगी।
सभी पुलिसकर्मियों को अपने-अपने दायित्वों की गंभीरता को समझते हुए पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं मनोयोग से ड्यूटी निर्वहन करने तथा आम नागरिकों की सुविधा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल, हैलीपैड एवं रूट ड्यूटी में नियुक्त प्रभारियों को हैंडहेल्ड सेट उपलब्ध कराए जाने तथा समय से वीवीआईपी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
*वीवीआईपी ड्यूटी में लगे समस्त पुलिस बल का विवरणः-*
➡️ *राजपत्रित अधिकारीः-*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक-03, पुलिस अधीक्षक-05, अपर पुलिस अधीक्षक -05, पुलिस उपाधीक्षक-07
➡️ *अराजपत्रित अधिकारीः-*
निरीक्षक व थानाध्यक्ष -21, टीआई व टीएसआई- 04, उपनिरीक्षक/अपर – 60,महिला उपनिरीक्षक-06, मुख्य आरक्षी/आरक्षी-170, पीएसी- 02 प्लाटून, एसडीआरएफ- 01 टीम, एटीएस टीम- 01 व BDS-01 टीम
