देहरादून

प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा हत्याकांड: मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन, दोषियों को कठोर दंड देने की मांग

पौड़ी, 22 जुलाई। बागेश्वर जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज, भटखोला (झिरौली) के प्रधानाचार्य स्वर्गीय दयानंद टम्टा की उनके कार्यालय में ही कार्यरत एक कार्मिक द्वारा की गई नृशंस हत्या के विरोध में राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

गढ़वाल मंडल के मंडलीय अध्यक्ष जयदीप रावत के नेतृत्व में जिलाधिकारी पौड़ी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में मांग की गई कि इस जघन्य अपराध के आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कठोरतम दंड दिया जाए। साथ ही दिवंगत प्रधानाचार्य के परिजनों को शीघ्र एवं निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित किया जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और शिक्षकों एवं विद्यालयी कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण मिल सके।

इससे पूर्व शिक्षकों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक एवं रोष व्यक्त करते हुए पौड़ी में कैंडल मार्च और शोक सभा का आयोजन किया। कैंडल मार्च पौड़ी बस स्टेशन से डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक तक निकाला गया, जहां दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को कठोरतम सजा देने तथा शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार से प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने की मांग की।

इस अवसर पर जसपाल सिंह रावत, भवान सिंह नेगी, संग्राम सिंह नेगी, पंकज मुयाल, राकेश भारती, संतोष कुमार, चंद्रप्रकाश, अजय वेदवाल, सुबोध कुकरेती, सुबोध नेगी, हरदीप रावत, कमल रावत, रघुराज चौहान, विक्रम सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।