बारिश का कहर: देहरादून में पुश्ता ढहा, 4-5 मकान क्षतिग्रस्त; डीएम आशीष चौहान देर रात पहुंचे मौके पर
देहरादून, 12 जुलाई 2026। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार देर रात करीब 9:30 बजे देहरादून के पठरिया पीर क्षेत्र स्थित विजय कॉलोनी की नई बस्ती में एक पुश्ता अचानक भरभराकर ढह गया। पुश्ते का मलबा नीचे बने चार से पांच मकानों पर गिरने से वे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान देर रात मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। मलबे में एक महिला के दबने की सूचना पर तुरंत खोज एवं राहत अभियान चलाया गया।
हादसे में नई बस्ती विजय कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय श्रीमती विमला देवी, पत्नी स्वर्गीय बृजेश, को हल्की चोटें आईं। उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुश्ते के आसपास स्थित सभी मकानों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति के रहने पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने, पुश्ते का तकनीकी परीक्षण कराने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य विभागीय टीमें मौके पर तैनात हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
