देहरादून

बीमित ऋण पर भी विधवा से वसूली! डीएम ने HDFC ERGO पर गिराई गाज, 8.11 लाख की आरसी जारी; 5 दिन में ऋण माफी का फरमान

 

देहरादून, 29 नवंबर 2025 (सू०वि०)।
09 वर्षीय मासूम बेटी की विधवा माँ सुप्रिया नौटियाल पर बीमित वाहन ऋण के बावजूद की जा रही वसूली और धमकियों का मामला जिलाधिकारी सविन बंसल तक पहुँचते ही जिला प्रशासन ने एचडीएफसी ERGO जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड पर बड़ी कार्यवाही की है। डीएम ने कंपनी के नाम ₹8,11,709 की राजस्व वसूली (आरसी) जारी करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया है कि 5 दिन के भीतर ऋण माफ किया जाए, अन्यथा कंपनी की सम्पत्ति कुर्क कर नीलाम की जाएगी।

 


पति की मौत के बाद भी वसूली का दबाव, वाहन उठाने की धमकी

फरियादी सुप्रिया नौटियाल, पत्नी स्व. प्रदीप रतूड़ी, ने 15 नवंबर को डीएम के समक्ष गुहार लगाई थी कि उनके पति द्वारा वाहन खरीदने हेतु एचडीएफसी ERGO GIC Ltd. से ₹8,11,709 का लोन लिया गया था। ऋण के साथ बीमा अनिवार्य बताया गया और कंपनी की ओर से “सर्व सुरक्षा प्लस” के तहत पॉलिसी संख्या CI 24-14680 और क्लेम नंबर RR-CI 24-14680891 जारी किया गया।

सुप्रिया का आरोप है कि—

  • बीमा पॉलिसी के भौतिक दस्तावेज कभी उपलब्ध नहीं कराए गए,
  • पति की मृत्यु के बाद भी उनसे ऋण चुकाने का दबाव बनाया गया,
  • लोन न भरने पर वाहन उठाने की धमकी दी जा रही थी।

विधवा होने के बावजूद बैंक/कंपनी द्वारा लगातार प्रताड़ना किए जाने पर सुप्रिया ने डीएम से न्याय की गुहार लगाई थी।


बीमित ऋण पर वसूली को डीएम ने माना ‘गंभीर धोखाधड़ी’

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने पाया कि—

  • बीमा मौजूद होने के बाद भी वसूली की जा रही है
  • पॉलिसी के दस्तावेज नहीं दिए गए
  • सुप्रिया को उत्पीड़न और धमकी दी गई

डीएम ने इसे “ऋण–बीमा धोखाधड़ी” मानते हुए कठोर कार्रवाई का आदेश दिया।

कंपनी पर ₹8,11,709 (रु० आठ लाख ग्यारह हजार सात सौ नौ मात्र) की आरसी जारी करते हुए इसे भू-राजस्व की तरह वसूली करने के निर्देश तहसीलदार सदर को दे दिए गए।


5 दिन की मोहलत: नहीं माफ किया ऋण तो कुर्की–नीलामी तय

डीएम के आदेश के अनुसार:

  • कंपनी को 5 दिनों के अंदर सुप्रिया का ऋण पूर्णतः माफ करना होगा
  • अगर कंपनी अनुपालन नहीं करती है, तो
    ◼ सम्पत्ति कुर्क
    ◼ नीलामी
    ◼ शाखा पर ताला लगाने तक की कार्रवाई
    की जा सकती है।

यह आदेश सीधे तौर पर एचडीएफसी ERGO के देहरादून स्थित कार्यालय (3rd Floor, NCR Developers, 24A New Cantt Road, विजय कॉलोनी, शक्ति कॉलोनी) के नाम जारी किया गया है।


कई बैंक और इंश्योरेंस कंपनियाँ भी रडार पर

जिला प्रशासन ने बताया है कि:

  • बीमित ऋण होने के बावजूद
  • वसूली, धमकी, और उत्पीड़न
    के कई मामले सामने आ रहे हैं।

डीएम ने चेतावनी दी है कि—

“ऋण-बीमा धोखाधड़ी के हर मामले में कठोर कार्रवाई होगी।
जहाँ भी उत्पीड़न हुआ है, वहां कुर्की–नीलामी से लेकर शाखा सील करने तक कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे।”

कई बैंक और इंश्योरेंस कंपनियों पर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है, और नए मामले भी प्रशासन की निगरानी में हैं।


विधवा सुप्रिया को मिली राहत

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से विधवा सुप्रिया और उनकी 09 वर्षीय बेटी को बड़ी राहत मिली है। सुप्रिया ने कहा कि उन्हें अब उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा और आगे किसी अन्य परिवार को इस तरह प्रताड़ना का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072