Uttarakhand Newsनई दिल्ली

नई दिल्ली में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में लोकसभा चुनावों में मिले शक्तिशाली जनादेश का सम्मान करते हुए, आगे की रणनीति पर समीक्षा की गई।

कांग्रेस कार्य समिति की यह बैठक हमारे देश के लोगों को इस लोकतंत्र को बचाए रखने, इस गणतंत्र के संविधान की रक्षा करने और सामाजिक-आर्थिक न्याय को बढ़ाने के लिए इतने शक्तिशाली जनादेश के लिए बधाई प्रेषित करती है। इस देश की जनता ने पिछले एक दशक में की गई शासन की प्रकृति और शैली दोनों को निर्णायक रूप से नकार दिया है। लोकसभा चुनावों का ये जनादेश न केवल प्रधानमंत्री की राजनीतिक हार है, बल्कि उनकी नैतिक हार भी है। उन्होंने अपने नाम पर जनादेश मांगते हुए झूठ, नफरत, पूर्वाग्रह, विभाजन और अत्यधिक कट्टरपंथी अभियान चलाया। यह जनादेश स्पष्ट रुप से लोकतंत्र एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं को 2014 के बाद निरंतर दबाए जाने के विरूद्ध है।

कांग्रेस कार्य समिति, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को पुनरुत्थान के मार्ग पर मज़बूती से लाने के लिए देश के लोगों को धन्यवाद देती है। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मज़बूती से डटे रहे। इस देश के लोगों ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में नई जान फूंकी है, जिसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। पार्टी ने बेहतरीन अभियान चलाया जिसके केंद्र में गणतंत्र के संविधान और अनुसूचित जाति जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के आरक्षण के अवसर के प्रावधानों की ज़ोरदार रक्षा को रखा गया था। हमने एक स्पष्ट वैकल्पिक राजनैतिक, आर्थिक और सामाजिक दृष्टिकोण रखा। ग़रीबों का हित हमारे अभियान के केंद्र में था एवं राष्ट्रव्यापी सामाजिक और आर्थिक जनगणना को हमने रेखांकित किया, जिससे सामाजिक न्याय, सशक्तीकरण एवं नौजवानों व किसानों की आकांक्षाओं को संबोधित किया जा सके। आम चुनावों का ये परिणाम वास्तव में हमारे सामूहिक प्रयास का नतीजा है।

 

कांग्रेस कार्यसमिति की ये बहुत बड़ी चूक होगी यदि इस मौके पर हम उन चार दिग्गजों को धन्यवाद नहीं देते, जिन्होंने पार्टी के इस जुझारू अभियान का नेतृत्व किया।

कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी की ऊर्जा और दृढ़ संकल्प पार्टी में सभी के लिए प्रेरणास्रोत रही है। वे संसद और संसद के बाहर दोनों जगह निर्भीक और निडर होकर लड़े। अपने लंबे और प्रतिष्ठित राजनीतिक जीवन में अपनी सभी उपलब्धियों के लिए उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त है, उन्होंने आगे बढ़कर नेतृत्व किया और पार्टी के अभियान को सबसे प्रभावी तरीके से आकार दिया। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी हमेशा मार्गदर्शन, सलाह और समर्थन के लिए उपलब्ध थीं। अभियान के महत्वपूर्ण क्षणों में उनके मार्गदर्शन ने महत्वपूर्ण अंतर पैदा किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा जी ने देश भर में, लेकिन विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में, शानदार चुनावी अभियान चलाया। उन्होंने सबसे प्रभावशाली तरीके से भाजपा को लगातार बेनकाब किया और कांग्रेस के न्याय सन्देश को बहुत शक्तिशाली तरीके से संप्रेषित किया।

कांग्रेस कार्य समिति, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के सफल क्रियान्वन, डिज़ाइन और नेतृत्व के लिए विशेष रूप से धन्यवाद प्रेषित करती है। ये दोनों यात्राएं, उनकी अपनी सोच और व्यक्तित्व को दर्शाती हैं। यह यात्रा हमारे देश की राजनीति में एक ऐसा ऐतिहासिक मोड़ थीं जिसने हमारे लाखों कार्यकर्ताओं और करोड़ों मतदाताओं में आशा और विश्वास जगाया। श्री राहुल गांधी का चुनाव अभियान एकनिष्ठ, तीक्ष्ण और सटीक था। 2024 चुनावों में संविधान की रक्षा के विषय को श्री राहुल गाँधी जी द्वारा सबसे मुखरता से उठाया गया। पांच न्याय-पच्चीस गारंटी कार्यक्रम, जो चुनाव अभियान में इतनी शक्तिशाली रूप से प्रतिध्वनित हुआ, श्री राहुल जी की यात्राओं का परिणाम था, जिसमें उन्होंने सभी लोगों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, दलितों, आदिवासियों, ओबीसी और अल्पसंख्यकों की आशंकाओं, चिंताओं और आकांक्षाओं को सुना।

यह कांग्रेस कार्यसमिति, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों, कांग्रेस विधायक दल के नेताओं, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी, प्रदेश कांग्रेस कमिटी और ज़िला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, बूथ स्तर के एजेंटों और इस महान और शक्तिशाली संगठन में सभी के योगदान की सराहना करती है। कांग्रेस कार्यसमिति उन सभी जीते हुए कांग्रेसी सांसदों को हार्दिक बधाई देती है जिन्होंने लोकसभा में कांग्रेस पार्टी को एक सशक्त दल बनाने में अपनी भूमिका निभाई। कांग्रेस कार्यसमिति उन उम्मीदवारों की कड़ी मेहनत की सराहना करती है जो जीत नहीं पाए तथा उनकी निराशा को साझा करते हुए उन्हें पार्टी में अपना काम जारी रखने के लिए शुभकामनाएं देती है।

कांग्रेस कार्यसमिति विभिन्न राज्यों में अपने घटक दलों को इन चुनावों को सशक्त तरीके से लड़ने के लिए धन्यवाद देती है। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में साथी दलों के सहयोग से इंडिया गठबंधन ने अपना झंडा गाड़ा। 18वीं लोकसभा में इंडिया गठबंधन का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।

कांग्रेस कार्यसमिति अपनी ज़िम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कुछ राज्यों में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के दुर्भाग्यपूर्ण प्रदर्शन को स्वीकार करते हुए और मेहनत करने का संकल्प लेती है, भले ही पार्टी का प्रर्दशन सामान्यतः सुधार और पुनरुत्थान की ओर अग्रसर रहा है। उन राज्यों में कमियों को दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए और उठाए जाएंगे, जहां पार्टी को और बेहतर नतीजों की उम्मीद थी, लेकिन जहां वह उम्मीद पूरी नहीं हुई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *