Uttarakhand

रूद्रपुर नगर निगम ‘अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025’ हेतु चयनित

  • देहरादून में सीएम धामी देंगे 25 लाख का नकद पुरस्कार
  •  आयुष्मान आरोग्य केन्द्र की भी मिलेगी सौगात

रूद्रपुर। नगर निगम रूद्रपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। निगम को ‘अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025’ के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 1 अक्टूबर को देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित समारोह में प्रदान करेंगे। निगम को पुरस्कार स्वरूप 25 लाख रुपये की धनराशि मिलेगी। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री रूद्रपुर नगर निगम के पहले आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य केन्द्र का वर्चुअल शुभारम्भ भी करेंगे।

महापौर विकास शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नगर निगम रूद्रपुर ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में उल्लेखनीय सफलता हासिल की थी। निगम ने अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ राज्य के सभी शहरी निकायों में द्वितीय स्थान हासिल किया था। इसी उपलब्धि को आधार बनाकर शहरी विकास निदेशालय ने रूद्रपुर को अटल निर्मल नगर पुरस्कार के लिए चयनित किया।उन्होंने कहा कि यह सम्मान नगरवासियों की सामूहिक भागीदारी का नतीजा है। सफाई कर्मियों और नागरिकों के सहयोग से ही निगम यह उपलब्धि हासिल कर सका है। महापौर ने बताया कि निगम निरंतर शहर को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

मिलेगा पहला आयुष्मान आरोग्य केन्द्र

महापौर ने कहा कि सीएम धामी सिंह कॉलोनी में पहले आयुष्मान आरोग्य केन्द्र का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। भारत सरकार की योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में कुल आठ स्वास्थ्य केन्द्र मंजूर हुए हैं। प्रत्येक केन्द्र पर चिकित्सक, नर्स, फार्मासिस्ट सहित पांच सदस्यीय स्टाफ की तैनाती होगी। सिंह कॉलोनी के बाद फुलसुंगी, जगतपुरा, रम्पुरा, संजय नगर खेड़ा, भूरारानी व भदईपुरा में भी ये केन्द्र खोले जाएंगे।

नई सेवाओं की होगी शुरुआत

महापौर ने बताया कि निगम शनिवार से नई सेवाओं की शुरुआत करने जा रहा है। इसमें ई-श्रमिक कार्ड, समाज कल्याण योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं, राशन कार्ड तथा सीएससी सेंटर की सार्वजानिक सेवाएं शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि निगम अब सिर्फ सड़क, नाली और सफाई तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि विकास के नये आयाम स्थापित करेगा।

तीसरा बड़ा सम्मान

नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने बताया कि पिछले एक वर्ष में नगर निगम रूद्रपुर को यह तीसरा बड़ा पुरस्कार मिलने जा रहा है। इससे पहले निगम स्कॉच अवार्ड और सुंदर लाल बहुगुणा पुरस्कार जीत चुका है। उन्होंने कहा कि नगर में सफाई व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है और जल्द ही कूड़ा उठाने के लिए निगम को 25 नयी गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी। निगम का लक्ष्य रूद्रपुर को स्मार्ट, स्वच्छ और सस्टेनेबल सिटी के रूप में विकसित करना है।पत्रकार वार्ता में उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, पार्षद राजेश जग्गा, सुशील चौहान, पारस चुघ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Shubham Mishra