Uttarakhand

सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन” अभियान की शुरुआत, न्यायालय समुदाय ने अपनाने का लिया संकल्प

रुद्रपुर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधमसिंहनगर द्वारा सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर, रुद्रपुर में “सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन” अभियान का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला जज एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सिकन्द कुमार त्यागी ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में ईंधन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना बताया गया। उद्घाटन समारोह में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायालय कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन में उपस्थितों से सप्ताह में दो दिन वैकल्पिक परिवहन अपनाने का आह्वान किया गया ताकि ईंधन की बचत हो और प्रदूषण में कमी लाई जा सके।

कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती ममता पंत ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान का संदर्भ देते हुए कहा कि हर नागरिक का दायित्व है कि वह ईंधन बचत को अपनी दिनचर्या में शामिल करे। श्रीमती पंत ने विशेष रूप से यह अनुरोध किया कि न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं कर्मचारी सप्ताह में दो दिन—विशेषकर सोमवार व शनिवार—पैदल या सायकिल द्वारा न्यायालय आयें। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वालों को आपसी समन्वय कर एक साथ एक वाहन उपयोग करने की भी सलाह दी गई।

सचिव ने व्यवहारिक उदाहरण भी दिया: उन्होंने स्वयं भूरारानी से लगभग 45 मिनट की पैदल यात्रा करके न्यायालय परिसर में पहुंच कर संदेश दिया कि नियमित पैदल चलना केवल ईंधन की बचत ही नहीं करता, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभप्रद है। उनकी इस पहल को उपस्थितों ने सराहा।

अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन श्री संजीव फौगाट ने कहा कि ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अधिवक्ताओं व आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन, साइकिल या साझा वाहन का उपयोग करें और सक्रिय रूप से पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।प्रस्तावित उपायों पर न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता व कर्मचारी एकमत दिखे और उन्होंने ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सहायक विशेष न्यायधीश एनडीपीसी श्रीमती दीपाली शर्मा, प्रथम अतिरिक्त जिला न्यायधीश राजू कुमार श्रीवास्तव, तृतीय अतिरिक्त जिला न्यायधीश मुकेश चंद्र आर्या, एडीजे पॉकसो श्रीमती अनीता गुंजियाल सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण, न्यायालय कर्मचारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Shubham Mishra