*श्री बदरीनाथ -केदारनाथ धाम यात्रा सुचारू, 33.73 लाख श्रद्धालु कर चुके दर्शन : हेमंत द्विवेदी*
ऋषिकेश / देहरादून 29 सितंबर.। श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम सहित चारधाम यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। मौसम सामान्य होने के साथ ही पितृ पक्ष में बड़ी संख्या में श्रद्धालु धामों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि 28 सितंबर 2026 तक श्री बदरीनाथ धाम में 18,16,171 तथा श्री केदारनाथ धाम में 15,57,739 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। इस प्रकार दोनों धामों में अब तक कुल 33,73,910 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। हेमकुंड साहिब सहित चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की7 संख्या 53 लाख पहुंच गई है।
उन्होंने बताया कि 28 सितंबर तक श्री बदरीनाथ धाम यात्रा के लिए 20,89,753 तथा श्री केदारनाथ धाम के लिए 22,62,817 पंजीकरण हो चुके हैं। दोनों धामों के लिए कुल पंजीकरण 43,52,570 है, जबकि चारधाम यात्रा के लिए कुल पंजीकरण का आंकड़ा 66 लाख पहुंच गया है।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देश में प्रशासन तथा बीकेटीसी द्वारा यात्रा के द्वितीय चरण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गयी हैं। यात्रा मार्गों एवं धामों में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं निरंतर संचालित की जा रही हैं। मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा ने फिर गति पकड़ी है और पितृ पक्ष के दौरान भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के अनुरूप मंदिर समिति द्वारा भी आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि तीर्थयात्रियों को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन प्राप्त हो सकें।
कहा कि अभी चारधाम के कपाट बंद होने में डेढ महीने का समय शेष है ऐसे में रिकार्ड तीर्थयात्रियों के धामों के दर्शन को पहुंचने की उम्मीद है।
