सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गढ़ी कैंट क्षेत्र में तैनात सैनिकों से की भेंट, दी दीपावली की शुभकामनाएं
देहरादून, 20 अक्टूबर। दीपावली के पावन अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी ने आज गढ़ी कैंट क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात भारतीय सेना के जवानों से भेंट कर उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मंत्री जोशी ने इस दौरान जवानों को मिष्ठान वितरण किया और देश सेवा में उनके समर्पण, साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि “देश की सीमाओं और सुरक्षा की रक्षा करने वाले हमारे सैनिक ही सच्चे अर्थों में दीपावली के असली नायक हैं।”
उन्होंने कहा कि जब पूरा देश दीपावली का पर्व अपने परिवारों के साथ मना रहा है, तब हमारे सैनिक सीमाओं और विभिन्न मोर्चों पर तैनात रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में तत्पर हैं। यही त्याग और सेवा की भावना राष्ट्र को सशक्त और गौरवान्वित करती है।
मंत्री जोशी ने कहा कि सैनिकों का परिश्रम, अनुशासन और देशभक्ति हर नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राज्य एवं केंद्र सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण हेतु निरंतर संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही हैं।
