देहरादून

बेटे कैंसर पीड़ित मां-बाप को कर रहे थे बेदखल, डीएम करेंगे जिला बदर

दो जवान बेटों पर शुरू हुई गुण्डा घोषित करने की न्यायिक कार्रवाई, 25 नवम्बर को डीएम कोर्ट में होंगे तलब

देहरादून, 12 नवम्बर 2025 (सू.वि)।
मानवता को झकझोर देने वाला मामला देहरादून से सामने आया है, जहां दो जवान बेटे अपनी कैंसर पीड़ित मां और बुजुर्ग पिता को प्रताड़ित कर रहे थे। दोनों बेटे नशे में घर आकर गाली-गलौच और मारपीट करते थे तथा माता-पिता को घर से बेदखल करने की कोशिश कर रहे थे।

विगत 10 नवम्बर को जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान बुजुर्ग दंपत्ति — गीता (कैंसर पीड़ित) और उनके पति राजेश — ने जिलाधिकारी देहरादून से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि वे बेटों की प्रताड़ना से तंग आकर किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं।

डीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल न्यायिक कार्रवाई शुरू करते हुए दोनों बेटों को नोटिस जारी कर दिया है। उन्हें 25 नवम्बर को डीएम न्यायालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने दोनों बेटों के खिलाफ गुण्डा एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है और उन्हें जिला बदर करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

जिलाधिकारी के समक्ष बुजुर्गों के साथ प्रताड़ना, परिवार में कलह, तथा शांति भंग करने जैसे कई प्रकरणों की शिकायतें आती रही हैं। डीएम द्वारा ऐसे मामलों में त्वरित सुनवाई कर पीड़ित बुजुर्गों को राहत दी जा रही है। कई मामलों में उनके हस्तक्षेप से परिवार टूटने से भी बच गए हैं।

 

Uma Shankar Kukreti