जिला पंचायत की पहली बोर्ड बैठक में 65.33 करोड़ का संभावित बजट पारित, विकास योजनाओं पर हुई व्यापक चर्चा
अध्यक्षा रचना बुटोला के नेतृत्व में जनहित और विकास को मिली प्राथमिकता
पौड़ी, 14 अक्टूबर 2025।
जिला पंचायत सभागार पौड़ी में आज जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती रचना बुटोला की अध्यक्षता में पहली बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनहित से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं और विभागीय मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए 65 करोड़ 33 लाख रुपये का संभावित बजट पारित किया गया। साथ ही छह समितियों का गठन भी किया गया।
बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं को विस्तारपूर्वक सदन के समक्ष रखा। लोनिवि, पेयजल, सड़क, विद्युत, वन, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई तथा ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

अध्यक्षा श्रीमती बुटोला ने कहा कि, “जनहित से जुड़े सभी मुद्दों का समयबद्ध निस्तारण हमारी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि जहां पेयजल अथवा विद्युत आपूर्ति में बाधा है, वहां विभागीय समन्वय से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में सदस्यों द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। अध्यक्षा ने कहा कि, “जिला पंचायत का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है, जिसके लिए सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।”
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती आरती नेगी, प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी श्री अभिमन्यु सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री गिरीश गुणवंत, अपर मुख्य अधिकारी श्रीमती भावना रावत, सहित जिला पंचायत सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
