मसूरी डायवर्सन स्थित बेकरी का खाद्य सुरक्षा विभाग ने किया निरीक्षण, एक्सपायरी के बाद रखे गार्निश पाइनएपल के पैकेट मिले
देहरादून। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड श्री विनय शंकर पांडेय के आदेश तथा जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है।

इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र श्री रमेश सिंह ने सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना के साथ शिकायत के आधार पर मसूरी डायवर्सन स्थित मेसर्स निक बेकर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारी को FIFO (First In First Out) तथा FEFO (First Expiry First Out) प्रणाली का पालन करने के निर्देश दिए गए। मौके पर किचन वर्करों का मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, NABL वाटर टेस्ट रिपोर्ट तथा पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध पाए गए।

वहीं, स्टोर में 200 ग्राम के गार्निश पाइनएपल के चार पैकेट बेस्ट बिफोर तिथि के बाद रखे हुए पाए गए। इस संबंध में मौके पर नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संदेह के आधार पर बेकरी प्रोडक्ट्स, बिस्कुट और बटर के दो नमूने जांच के लिए लिए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा टीम ने कैनाल रोड, देहरादून क्षेत्र में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया और खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण टीम में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम देहरादून क्षेत्र श्री रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
