टिहरीदेहरादून

देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा, नदी में गिरी इनोवा — SDRF का सघन रेस्क्यू अभियान जारी

देवप्रयाग क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक इनोवा वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। सूचना मिलते ही SDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।


थाना देवप्रयाग से सूचना प्राप्त होने के बाद SDRF पोस्ट ब्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक SDRF उत्तराखण्ड श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर श्रीनगर एवं ढालवाला स्थित फ्लड रेस्क्यू टीमों को भी मौके पर भेजा गया।
वर्तमान में SDRF की ब्यासी, श्रीनगर और ढालवाला की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से नदी तट एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।


प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार लोग राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। SDRF और पुलिस ने एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य संभावित लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन द्वारा वाहन में सवार लोगों की संख्या एवं अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
SDRF एवं स्थानीय पुलिस द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

Uma Shankar Kukreti