*श्री केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम हेतु त्वरित गति से चल रही यात्रा तैयारियां: हेमंत द्विवेदी
*19 अप्रैल को श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली धाम प्रस्थान करेगी।*
देहरादून 17 अप्रैल । श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति( बीकेटीसी) द्वारा श्री केदारनाथ धाम तथा श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तैयारियां त्वरित गति से चल रही है बीकेटीसी के अग्रिम दल धामों में व्यवस्थायें दुरस्त कर रहे है।
इसी क्रम में 19 अप्रैल को श्री केदारनाथ भगवान की पंचमुखी डोली श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से केदारनाथ धाम हेतु प्रस्थान करेगी विभिन्न पड़ावों पर विश्राम पश्चात 21 अप्रैल सायंकाल को श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धामों में पहुंचने की उम्मीद है अभी तक 18 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम के लिए पंजीकरण करवाया है। जिसमें से सवा छ लाख केदारनाथ हेतु तथा साढ़े पांच लाख श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम हेतु यात्रा पंजीकरण कर लिया है।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में बीकेटीसी के स्तर पर यात्रा तैयारियां गतिमान है।इस वर्ष श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल तथा श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया के तहत 18 अप्रैल शनिवार को उखीमठ स्थिति श्री ओंकारेश्वर मंदिर परिसर भैरवनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना रविवार 19 अप्रैल को भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली श्री ओंकारेश्वर मंदिर से केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
डोली यात्रा का पहला पड़ाव 19 अप्रैल को फाटा रहेगा, जबकि 20 अप्रैल को पंचमुखी डोली गौरीकुंड पहुंचेगी। 21 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंच जाएगी और 22 अप्रैल को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्री केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे।
बीकेटीसी हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति द्वारा यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा एसओपी के क्रियान्वयन,गैर सनातनियों के धामों में प्रवेश पर पाबंदी ,धामों में वीडियो ग्राफी फोटो ग्राफी, रील बनाने पर मंदिर से 70 मीटर दायरें में रोक आदि नियमों सहित मंदिरों के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवास, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है प्रशासन और संबंधित विभाग भी यात्रा को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
बताया कि श्रद्धालुओं में कपाट खुलने को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में भक्तों के श्री बदरीनाथ केदारनाथ पहुंचने की संभावना है। समिति की प्राथमिकता है कि धामों में आनेवाले श्रद्धालुओं को भगवान के सरल सुगम दर्शन हों।
