Uttarakhand

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में नाबालिग बालिका प्रकरण में त्वरित कार्रवाई

 

पौड़ी पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को किया सकुशल बरामद, आरोपी सलाखों के पीछे

दिनांक 06.02.2026 को कोटद्वार निवासी एक महिला द्वारा कोतवाली कोटद्वार में एक शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें बताया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई है तथा अभी तक वापस नहीं लौटी है। प्रकरण नाबालिग बालिका से संबंधित होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदा बालिका की त्वरित खोजबीन एवं सकुशल बरामदगी हेतु प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार को तत्काल पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।

निर्देशों के क्रम में गठित पुलिस टीम द्वारा तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर बालिका की तलाश प्रारंभ की गई। खोजबीन के दौरान थाना क्षेत्र के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा आसपास के क्षेत्रों से आवश्यक जानकारी एकत्र की गई। जांच में जानकारी मिली कि बालिका दिनांक 05.02.2026 को लगभग प्रातः 11:00 बजे अपनी नानी के पास बी.ई.एल. रोड गई थी। पूछताछ में नानी द्वारा बताया गया कि बालिका डरी हुई अवस्था में थी तथा उसने अपने माता-पिता के साथ नहीं रहने की बात कही। इसके बाद नानी द्वारा उसे अपने एक परिचित के यहां सिगड़ी क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा नाबालिग बालिका को सिगड़ी, कलालघाटी क्षेत्र से सकुशल बरामद किया गया। बरामदगी के बाद बालिका को सुरक्षित वातावरण में रखकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि दिनांक 05.02.2026 की रात्रि को उसके सौतेले पिता द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। घटना से भयभीत होकर वह प्रातः लगभग 07:00 बजे घर से निकलकर अपनी नानी के पास चली गई थी।
प्राप्त तहरीर एवं तथ्यों के आधार पर अभियुक्त “राजेश कुमार” (काल्पनिक नाम) के विरुद्ध कोतवाली कोटद्वार पर मु0अ0सं0-24/2026, धारा- 65(1), 75(2) BNS एवं धारा 3/4 पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए उक्त अभियोग में संलिप्त अभियुक्त “राजेश कुमार” (काल्पनिक नाम) को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
नाम पता अभियुक्त
राजेश कुमार (काल्पनिक नाम)
(पूरा पता गोपनीय)
पंजीकृत अभियोग
मु0अ0सं0-24/2026, धारा- 65(1), 75(2) BNS एवं धारा 3/4 पॉक्सो अधिनियम
पुलिस टीम
वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री अनिल चौहान
उपनिरीक्षक श्री शशिभूषण जोशी
उपनिरीक्षक श्री वेद प्रकाश
महिला उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट
हेड कांस्टेबल शशिकांत त्यागी
कांस्टेबल चंद्रपाल
होमगार्ड कुलदीप

Uma Shankar Kukreti