दिल्ली में भी आयोजित होगा उत्तराखंड माल्टा महोत्सव, राज्य में शुरू होगा ‘माल्टा मिशन’ : मुख्यमंत्री
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय उद्यान सर्किट हाउस, गढ़ीकैंट में उत्तराखंड माल्टा महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में माल्टा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ‘माल्टा मिशन’ शुरू करने की घोषणा की और कहा कि उत्तराखंड के माल्टा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए दिल्ली में भी माल्टा महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती गीता पुष्कर धामी के साथ विभिन्न जनपदों से आए माल्टा व नींबू वर्गीय फलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा इनसे बने उत्पादों का स्वाद भी लिया। उन्होंने कहा कि माल्टा उत्तराखंड की पहचान और परंपरा से जुड़ा फल है और राज्य की आर्थिकी को सशक्त करने में बागवानी की अहम भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पहले ही एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी पहल कर चुकी है और अब उसी तर्ज पर माल्टा मिशन के माध्यम से उत्पादन, ब्रांडिंग और विपणन को मजबूत किया जाएगा। हर जनपद में माल्टा महोत्सव का आयोजन इन्हीं प्रयासों की कड़ी है।

किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में खेती और बागवानी में नवाचार, आधुनिक तकनीक और प्रोत्साहन के जरिए किसानों को सशक्त किया जा रहा है। यह पहल पलायन रोकने और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने में गेम चेंजर साबित होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में माल्टा, सेब, नाशपाती, कीवी, अखरोट, आड़ू और नींबू वर्गीय फलों के बागान विकसित किए जा रहे हैं। फसल आधारित क्लस्टर तैयार कर उत्पादन व विपणन को सुदृढ़ किया जा रहा है। माल्टा व गलगल पर न्यूनतम समर्थन मूल्य, बागान स्थापना पर 50% अनुदान, सूक्ष्म सिंचाई पर 70–80%, तथा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों पर 60% तक अनुदान दिया जा रहा है। सेलाकुई में सुगंधित पौधों के केंद्र के माध्यम से ‘महक क्रांति’ को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के माल्टा उत्पादक श्री हरीश के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने 53 प्रजातियों के लगभग 1000 पौधे रोपित किए हैं और इस वर्ष 200 और पौधे लगाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने अन्य किसानों से भी इससे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री गणेश जोशी, सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्रीमती सविता कपूर, दायित्वधारी श्री कैलाश पंत, श्री प्रताप सिंह पंवार, सचिव कृषि डॉ. एस.एन. पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न जनपदों से आए किसान उपस्थित रहे।
