Uttarakhand

मौसम ने रोकी राह, लेकिन संदेश पहुंचा गए राहुल गांधी

अल्मोड़ा/पौड़ी। खराब मौसम के चलते कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तराखंड के अल्मोड़ा और पौड़ी में आयोजित जनसभाओं तक भले ही नहीं पहुंच पाए, लेकिन उन्होंने वीडियो और ऑडियो कॉल के माध्यम से कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों और जनता को संबोधित कर अपना संदेश जरूर पहुंचाया। पंतनगर एयरपोर्ट पर बेचैनी से चहलकदमी करते राहुल गांधी कैमरों में कैद हुए।

राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से भी वीडियो कॉल पर बात की और न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। दो मिनट से अधिक चली बातचीत में उन्होंने अंकिता के माता-पिता को दिल्ली आने का निमंत्रण भी दिया।
पौड़ी में पूर्व सैनिकों को किया संबोधित
खराब मौसम के कारण पौड़ी नहीं पहुंच पाने पर राहुल गांधी ने कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल की मौजूदगी में वीडियो कॉल के जरिए सभा को संबोधित किया। लगभग 24 मिनट के संबोधन में उन्होंने उत्तराखंड के गौरवशाली इतिहास को नमन करते हुए अग्निवीर योजना पर सवाल उठाए।


राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर अग्निवीर योजना को समाप्त करेगी। उन्होंने कहा कि सेना और उसके परिवार राष्ट्रहित में अपना सर्वस्व न्योछावर करते हैं और बदले में देश उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेता है, लेकिन अग्निवीर योजना में चार साल बाद जवानों और उनके परिवारों के भविष्य की कोई गारंटी नहीं है।

आर्थिक संकट और अमेरिका डील पर केंद्र सरकार को घेरा

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत को ऊर्जा और तेल खरीद जैसे मामलों में अमेरिका के दबाव में काम करना पड़ रहा है।
जय जवान-जय किसान के नारे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कृषि क्षेत्र को कमजोर किया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और बड़े उद्योगपतियों के बीच करीबी संबंध हैं तथा अमेरिका के साथ हुई डील के बाद देश के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
उन्होंने दावा किया कि अमेरिका डील के तहत भारत अमेरिका से 9.5 लाख करोड़ रुपये का कृषि उत्पाद खरीदेगा, जिससे भारतीय किसानों पर असर पड़ेगा और देश में टैक्स का बोझ बढ़ेगा।


ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप के बयान का जिक्र

राहुल गांधी ने अपने भाषण में ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि उनके एक फोन कॉल के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुक गया था। राहुल गांधी ने इसे सेना के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि देश की विदेश नीति पर अमेरिका का प्रभाव बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि संसद में उन्हें एप्सटीन फाइल और अडानी मामले पर बोलने नहीं दिया गया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जैसे ही उन्होंने ये मुद्दे उठाने की कोशिश की, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद से बाहर गए और कुछ ही देर बाद अमेरिका डील की घोषणा कर दी गई।


अल्मोड़ा और पौड़ी में उमड़ा जनसैलाब

राहुल गांधी भले ही सभास्थलों तक नहीं पहुंच सके, लेकिन अल्मोड़ा और पौड़ी में बड़ी संख्या में लोग जुटे। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल की आलोचना करते हुए जनता से कांग्रेस के पक्ष में समर्थन मांगा।

राहुल गांधी ने मौसम की वजह से कार्यक्रम में शामिल न हो पाने पर जनता से माफी मांगते हुए कहा कि वे जल्द ही उत्तराखंड दोबारा आएंगे। अपने पूरे संबोधन में उन्होंने भाजपा और केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और उत्तराखंड की संभावनाओं का भी जिक्र किया।

Uma Shankar Kukreti