देहरादून

युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, सफलता के साथ संस्कार भी जरूरी : गणेश जोशी

जीआरडी कॉलेज में युवा संवाद कार्यक्रम, मेधावी छात्र-छात्राओं व प्रतिभाओं को किया सम्मानित
देहरादून, 2 अगस्त।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को देहरादून स्थित जीआरडी कॉलेज में भारतीय जनता युवा मोर्चा, मसूरी विधानसभा द्वारा आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और यही युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम में नीट यूजी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं खेल-कूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी युवाओं को सम्मानित भी किया गया।


गणेश जोशी ने कहा कि आज का दौर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप, नवाचार और कौशल विकास का है। ऐसे समय में युवाओं को तकनीकी दक्षता के साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों को भी अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि “ज्ञान व्यक्ति को सफल बनाता है, लेकिन चरित्र उसे महान बनाता है।”


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरता, बलिदान और संस्कारों की भूमि है। प्रदेश के युवाओं ने सेना, खेल, शिक्षा, प्रशासन, कृषि और विज्ञान सहित कई क्षेत्रों में देश का नाम रोशन किया है। अब समय है कि उत्तराखंड नवाचार, स्टार्टअप, पर्यटन, जैविक खेती और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी देश का अग्रणी राज्य बने।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे बड़े सपने देखें, निरंतर सीखते रहें और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि “युवा आगे बढ़ेगा तभी भारत आगे बढ़ेगा और विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।”
इस अवसर पर उत्तराखंड सब एरिया के कर्नल कृष्ण कांत ने भी युवाओं को भारतीय सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हुए अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। उन्होंने सेना में उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम में लेखक समीर पंवार, नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली नव्या मित्तल और हिमाद्री महरा सहित बॉक्सिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रिया थापा, दीक्षांत बगरियाल, आदित्य रावत, राहुल बहुगुणा, मनीष चौहान, रोहित ठाकुर, अंजली अर्जुन समेत कई प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, कर्नल कृष्ण कांत वाजपेयी, आशीष नौटियाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष कुलदीप पंत सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।