देहरादून

ईद-उल-अज़हा को लेकर मुफ़्ती शमून क़ासमी की मुस्लिम समुदाय से अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “सड़क पर नमाज़ न पढ़ने” वाले बयान का किया समर्थन

खटीमा/उधम सिंह नगर। उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ़्ती शमून क़ासमी ने आगामी ईद-उल-अज़हा के पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय से शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार भाईचारे, कुर्बानी और इंसानियत का संदेश देता है तथा सभी लोगों को कानून और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।
मुफ़्ती शमून क़ासमी ने माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिए गए “सड़क पर नमाज़ न पढ़ने” संबंधी बयान का समर्थन करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नमाज़ मस्जिदों, ईदगाहों एवं निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जानी चाहिए, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित न हो।
उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील करते हुए कहा कि ईद-उल-अज़हा का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
मुफ़्ती क़ासमी ने कहा कि उत्तराखंड हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल रहा है तथा सभी समुदायों को मिल-जुलकर प्रदेश की इस परंपरा को मजबूत करना चाहिए।

Uma Shankar Kukreti