Uttarakhand

गैरहाजिर अधिकारियों का वेतन कटेगा: भगवत प्रसाद मकवाना

जसपुर। उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने शुक्रवार को जसपुर नगर पालिका परिषद में विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने गैरहाजिर अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान को निर्देश दिए कि अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटा जाए।

राज्यमंत्री मकवाना ने मैनुअल स्कैवेंजर संबंधी फर्जी रिपोर्ट पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए घर-घर जाकर सही सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशान करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार अनुसूचित समाज के आर्थिक व सामाजिक उत्थान के लिए स्वरोजगार और शिक्षा हेतु कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करा रही है। इसलिए विभागीय अधिकारी इन योजनाओं को पूरी तत्परता से लागू करें।मकवाना ने सफाई कर्मचारियों के उच्च जोखिम वाले कार्य को देखते हुए उन्हें पीएफ, ईएसआई और सुरक्षा उपकरण जैसी सुविधाएं अनिवार्य रूप से देने को कहा। आउटसोर्स ठेकेदार द्वारा मात्र नौ हजार रुपये वेतन देने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्होंने राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 15 हजार रुपये वेतन सुनिश्चित करने और नई निविदा आमंत्रित करने के निर्देश दिए।राज्यमंत्री ने पारिवारिक पेंशन और मृतक आश्रितों के लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के आदेश दिए। बैठक में समाज कल्याण और जिला पंचायत समेत कई विभागों की अनुपस्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और उनके वेतन काटने व स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश दिए।उन्होंने “नमस्ते योजना” में पंजीकृत कर्मचारियों का जीवन बीमा कराने और सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु शीघ्र स्वास्थ्य शिविर लगाने के आदेश भी दिए। बैठक में उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, अधिशासी अधिकारी उदयवीर सिंह, आयोग के सदस्य हर्ष रत्नाकर, उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री महेंद्र रही, राजीव राजौरी, विनोद घाघट सहित सैनिटरी सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Shubham Mishra