रूद्रपुर की प्रमुख सड़कों के कायाकल्प की कवायद हुई तेज
चौड़ीकरण के लिए महापौर ने अधिकारियों के साथ किया प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण
अटरिया रोड, भूरारानी रोड, गंगापुर रोड, सिडकुल-बगवाड़ा रोड का होगा चौड़ीकरण
रूद्रपुर। शहर की जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में नगर निगम ने सड़कों के कायाकल्प की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम, जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ शहर की प्रमुख सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अटरिया रोड, गंगापुर रोड, भूरारानी रोड, बगवाड़ा रोड और काशीपुर बाईपास रोड सहित प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण संबंधी योजनाओं की रूपरेखा देखी गई और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया गया।
महापौर ने बताया कि यह कार्यक्रम सिर्फ कागजों पर नहीं रहेगा, बल्कि सड़क चौड़ीकरण को जल्द ही जमीन पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगापुर रोड, अटरिया रोड और भूरारानी रोड के चौड़ीकरण का वादा उन्होंने चुनाव के दौरान जनता से किया था, और अब उस दिशा में गंभीरता से काम किया जा रहा है। निरीक्षण टीम में नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, एसडीएम मनीष बिष्ट, तहसीलदार दिनेश कुटोला समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। महापौर और अधिकारियों ने निर्माण को लेकर तकनीकी चर्चा की और इंडेन गैस गोदाम को स्थानांतरित किए जाने पर भी विचार-विमर्श किया, ताकि आगे विकास कार्यों में कोई बाधा न आए।महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रूद्रपुर के सर्वांगीण विकास की दिशा में नगर निगम कृतसंकल्प है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रस्तावित सड़कों के चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, जाम की समस्या घटेगी और नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
इन सड़कों का होगा चौड़ीकरण
- अटरिया रोड को मौजूदा 7 मीटर से बढ़ाकर 12 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। यह मार्ग नैनीताल हाईवे से सिडकुल ढाल होते हुए फुलसुंगा-बगवाड़ा तक जाएगा और औद्योगिक क्षेत्र की ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्ता प्रदान करेगा।
- तीन पानी डैम से दक्ष चौराहा होकर बगवाड़ा जाने वाला मार्ग भी 12 मीटर चौड़ा किया जाएगा, जो बाईपास का काम करेगा।
- 5.5 मीटर चौड़ी गंगापुर रोड और भूरारानी रोड को 12 मीटर चौड़ा कर डिवाइडर युक्त बनाया जाएगा, जिससे यातायात सुरक्षित और सुगम हो सके।
- काशीपुर बाईपास मार्ग पर मौजूद तकनीकी अड़चनें मुख्यमंत्री से चर्चा कर दूर की जाएंगी। इस दौरान व्यापारियों को भी आश्वस्त किया गया है कि विकास कार्यों के चलते किसी को अनावश्यक नुकसान नहीं होगा।
