Uttarakhand

नैनीताल हाईवे से होली चौक तक नाला निर्माण कार्य का हुआ शिलान्यास

जनभावनाओं का सम्मान ही मेरा संकल्पः महापौर विकास शर्मा

रुद्रपुर। नगर के वार्ड संख्या 38 आवास विकास दशमेशनगर रोड पर नैनीताल हाईवे से होली चौक तक बनने वाले नाले का शिलान्यास शनिवार को महापौर विकास शर्मा ने किया। परंपरागत रीति से नारियल फोड़कर महापौर ने कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने महापौर का माल्यार्पण कर स्वागत किया और क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के लिए उनका आभार जताया।

शिलान्यास कार्यक्रम में संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं का विकास नगर निगम की शीर्ष प्राथमिकता है। रुद्रपुर को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सात माह के कार्यकाल में नगर निगम ने हर दिन जनता को समर्पित किया है और अब इसका प्रत्यक्ष परिणाम धरातल पर दिखने लगा है। दशमेशनगर मार्ग पर नाले के अभाव में वर्षों से जल निकासी की समस्या बनी हुई थी। नाला निर्माण से अब क्षेत्रवासी जलभराव से निजात पा सकेंगे।महापौर ने कहा कि इस मार्ग पर अतिक्रमण भी बड़ी समस्या थी। बीते दिनों नगर निगम प्रशासन ने सड़कों से होर्डिंग्स और ठेलों को हटवा दिया है। आगे भी इस पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर शहर में कई विकास योजनाओं पर काम जारी है। जल्द ही शहरवासियों को बड़ी सौगातें मिलेंगी।त्यौहारों को देखते हुए महापौर ने कहा कि नगर निगम का ध्यान फिलहाल शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त कराने पर है। नैनीताल हाईवे चौड़ीकरण का कार्य चालू है और जल्द ही काशीपुर बाईपास मार्ग समेत अन्य प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि रुद्रपुर को इंदौर की तर्ज पर स्वच्छ, आधुनिक और व्यवस्थित रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए जनता और निगम, दोनों का मिल-जुलकर प्रयास जरूरी है।महापौर ने आगे बताया कि निकट भविष्य में नगर निगम स्मार्ट ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लागू करने जा रहा है। इसके तहत अत्याधुनिक तकनीक से यातायात की निगरानी होगी और नियम तोड़ने वालों के चालान स्वतः ऑनलाइन कटेंगे। उन्होंने कहा कि शहर के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।इस मौके पर वार्ड पार्षद राजेश जग्गा ने महापौर का आभार जताते हुए कहा कि उनकी तत्पर कार्यशैली और जनता की भावनाओं का सम्मान करने के संकल्प ने रुद्रपुर की तस्वीर बदल दी है। छोटे से सात माह के कार्यकाल में कई योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और आने वाले समय में तमाम नई परियोजनाएं भी मूर्त रूप लेंगी।शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजेश कामरा, मानस जायसवाल, मोर सिंह, विजय तोमर, राधेश शर्मा, मानवेन्द्र सिंह, नरेश उप्रेती, अगम अग्रवाल, विश्वनाथ शर्मा, आशा मुंजाल, प्रेमलता सिंह, मोहित चड्डा, हरजीत राठी, जेके शर्मा, राजेश अरोरा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Shubham Mishra