स्वस्थ नारी से ही सशक्त समाज का निर्माण : महापौर
काशीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पखवाड़े के तहत सोमवार को राजकीय एल. डी. भट्ट चिकित्सालय में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। महापौर दीपक बाली ने रिबन काटकर शिविर का शुभारंभ किया।महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ नारी से ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ परिवार से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि यदि नारी स्वस्थ है तो समाज व राष्ट्र भी स्वस्थ रहेंगे। ऐसे में समाज का दायित्व बनता है कि वह महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील और जागरूक रहे।शिविर में बड़ी संख्या में स्त्री-पुरुषों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। महापौर ने कहा कि इस प्रकार के शिविर जनमानस को आवश्यक चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराते हैं और जरूरतमंद परिवारों को राहत एवं संबल प्रदान करते हैं।इस मौके पर सी एम ओ डॉ. के. के. अग्रवाल, ए सी एम ओ डॉ. डी. पी. सिंह, सीएमएस डॉ. संदीप दीक्षित, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमर जीत सिंह साहनी, डॉ. गीतांजलि, डॉ. वरुण भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। महापौर दीपक बाली ने सभी चिकित्सकों व सहयोगी टीम की सेवा-भावना की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार जताया।
