कोटद्वार में 500 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी रहीं मुख्य अतिथि
कोटद्वार। मेरी आवाज़ सुनो फाउंडेशन एवं राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार देर शाम नगर निगम प्रेक्षागृह में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न विद्यालयों के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 500 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बीरेंद्र रावत ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा देते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अपाला बडोनी, संस्थापक एवं महासचिव एकोहम फाउंडेशन ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि धर्मनिरपेक्ष भावना के साथ सभी वर्गों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी पहल है।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.डी. शर्मा ने अतिथियों का पगड़ी एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, समाज सेवा और जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन सतीश देवरानी ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ के जिलाध्यक्ष मनोज नौडियाल, मेरी आवाज़ सुनो फाउंडेशन की जिलाध्यक्ष महमूदा मुस्कान, संरक्षक अबरार हैदर, पं. आदेश फौजी, रश्मि चौधरी, पूनम राणा, राजा, किरण डोबरियाल, सुंदर लाल जोशी सहित संस्था के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
