Wednesday, October 14, 2026
Latest:
National

तिरुपति मंदिर में भगदड़ से 6 की मौत, 40 घायल

आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में भगदड़ मचने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई है. तिरुमाला वैकुण्ठ द्वार सर्वदर्शनम टोकन जारी करने के दौरान अफरातफरी मच गई. इस दौरान यह हादसा हुआ. तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के कार्यकारी अधिकारी श्यामला राव ने कहा कि भगदड़ में कुल 6 श्रद्धालुओं की मौत हुई है, जबकि 40 तीर्थयात्री घायल हुए हैं. इस मामले की जांच की जाएगी. सीएम चंद्रबाबू नायडू ने श्रद्धालुओं के निधन पर शोक जताया है और अधिकारियों को राहत-बचाव का निर्देश दिया है.

बुधवार को वैकुण्ठ के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी. तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ने गुरुवार, 9 दिसंबर की सुबह से वैकुण्ठ के माध्यम से दर्शन टोकन जारी करने की व्यवस्था की गई थी. इसके चलते बुधवार शाम से ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग गई.

टोकन के लिए अलीपिरी, श्रीनिवासम, सत्यनारायणपुरम और पद्मावतीपुरम में भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई थी, लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण भगदड़ मच गयी.

1.20 लाख टोकन जारी करने का हुआ था फैसला

बता दें कि गुरुवार से तिरुपति के 9 केंद्रों में 94 काउंटरों के माध्यम से वैकुण्ठ दर्शन टोकन जारी करने की व्यवस्था की गई थी. हालांकि, बुधवार शाम को टोकन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े. भगदड़ में कई लोग बीमार पड़ गये. उन्हें अस्पताल ले जाया गया. बताया जा रहा है कि यह घटना तब हुई, जब श्रद्धालु बड़ी संख्या में वहां पहुंचे थे. आशंका है कि भगदड़ में घायलों की संख्या बढ़ सकती है.

टीटीडी ने 10, 11 और 12 जनवरी को वैकुण्ठ द्वार दर्शन के पहले तीन दिनों के लिए गुरुवार सुबह 1.20 लाख टोकन जारी करने का निर्णय लिया था. बाकी दिनों के संबंध में, टीटीडी ने संबंधित तिथियों पर तिरुपति में विष्णुनिवासम, श्रीनिवासम और भूदेवी परिसरों में टिकट जारी करने की व्यवस्था की है.

सीएम ने निधन पर जताया शोक, गुरुवार को तिरुपति का करेंगे दौरा

दूसरी ओर, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है. सीएम नायडू ने घटना में घायलों को दिए जा रहे उपचार के बारे में अधिकारियों से फोन पर बात की. उन्होंने उच्च अधिकारियों को घटनास्थल पर जाकर राहत कार्य करने के आदेश दिए हैं, ताकि घायलों को बेहतर उपचार मिल सके.

टीटीडी चेयरमैन बीआर नायडू ने तिरुपति की घटना पर दुख जताया. उन्होंने भगदड़ की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. चेयरमैन ने बताया कि एक डीएसपी ने गेट खोल दिया, जिससे श्रद्धालुओं की अचानक भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके कारण यह हादसा हुआ. उन्होंने बताया कि सीएम चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा दिशा-निर्देशों और कल्याणकारी उपायों को सख्ती से लागू करने की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंनेे कहा कि सीएम ने कहा कि वह गुरुवार को मंदिर का दौरा करेंगे.

जी किशन रेड्डी ने हादसे पर कही ये बात

दूसरी ओर, केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने श्रद्धालुओं के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि तिरुमाला वैकुंठ एकादशी टिकट काउंटर पर हुई भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गई, जो स्तब्ध करने वाली घटना है. मैं इस घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.

उन्होंने कहा कि मैंने इस मामले पर आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश, टीटीडी के चेयरमैन बीआर नायडू और गवर्निंग काउंसिल के सदस्य भानु प्रकाश रेड्डी से बात की और विस्तृत जानकारी ली. मैंने उनसे घायलों को उचित चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने का अनुरोध किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *