Health

जिला चिकित्सालय के स्वास्थ्य शिविर में पहले दिन 624 मरीजों ने उठाया लाभ

देहरादून, 31 जुलाई। जिला चिकित्सालय देहरादून में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के प्रथम दिन विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया और आवश्यक जांच कराई।


प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन एवं शिविर प्रभारी के समन्वय में आयोजित शिविर के पहले दिन कुल 624 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 340 पुरुष और 284 महिलाएं शामिल रहीं।


शिविर के दौरान 126 लोगों की उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 2 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। वहीं 23 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता तथा 21 लाभार्थियों को पोषण एवं समुचित देखभाल के संबंध में परामर्श दिया गया।

प्रयोगशाला में 173 लोगों की हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी एवं लिपिड प्रोफाइल जांच की गई। इसके अलावा 68 एक्स-रे और 45 अल्ट्रासाउंड भी किए गए। साथ ही विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श भी प्रदान किया गया।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने शिविर में सेवाएं देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से क्षेत्रीय जनता को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।