सिंह कॉलोनी में जल्द खुलेगा नगर निगम का जोनल कार्यालय :महापौर

रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने गुरुवार को सिंह कॉलोनी वार्ड नंबर 33 का पैदल भ्रमण कर क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल और वार्ड पार्षद सुशील चौहान मौजूद रहे। महापौर ने दौरे के दौरान वार्ड में नगर निगम के जोनल कार्यालय स्थापित करने हेतु संभावित भूमि का निरीक्षण किया।भ्रमण के दौरान पार्षद सुशील चौहान ने महापौर को वार्ड की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। मौके पर ही महापौर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए आश्वासन दिया कि क्षेत्र की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि सिंह कॉलोनी में जल्द ही नगर निगम का जोनल कार्यालय खोला जाएगा। इसके खुल जाने से निगम से जुड़े सभी कार्य क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही निपटेंगे और उन्हें मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि वार्ड को सुंदर और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कार्यवाही तेजी से की जाएगी। बच्चों के लिए खेल सुविधाएं, बुजुर्गों के लिए बैठने की व्यवस्था और महिलाओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।श्री शर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और निगम का प्रत्येक निर्णय नागरिक सुविधा तथा शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर लिया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम के छह माह के कार्यकाल में लगातार रुद्रपुर के विकास को केंद्र में रखकर काम किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में शहर में अनेक योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं, जिनका असर आने वाले दिनों में बड़े बदलाव के रूप में दिखेगा।उन्होंने बताया कि स्वच्छ, सुंदर और हरित रुद्रपुर के निर्माण की दिशा में कई योजनाएं लागू की जा रही हैं और विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इंदौर और भोपाल का अध्ययन करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में भी इंदौर मॉडल की तर्ज पर बदलाव लागू किए जाएंगे, जिसमें नागरिकों की भागीदारी अहम होगी।
