जिला कार्यालय में किसानों ने उठाई धान खरीद की मांग
रुद्रपुर। जिला कार्यालय में बुधवार को किसानों के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से भेंट कर धान खरीद संबंधी समस्याओं व व्यवस्थाओं पर चर्चा की। किसानों ने कहा कि इस बार क्षेत्र में धान की फसल का रकबा अधिक है तथा आगामी 01 अक्टूबर से कटाई का कार्य शुरू हो जाएगा। ऐसे में 01 अक्टूबर से ही तौल कांटे स्थापित किए जाएं और गत वर्ष की अपेक्षा अधिक संख्या में तौल कांटे लगाए जाएं।
शिष्टमंडल ने यह भी मांग की कि कच्चे आढ़तियों की खरीद प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाया जाए। धान की तौल के तुरंत बाद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर भुगतान सुनिश्चित हो। साथ ही, कच्चे आढ़तियों की धान खरीद केवल मंडी समिति के कांटे पर ही अनिवार्य की जाए। इसके अलावा गेहूं की बुआई से पूर्व किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी व एनपीके उर्वरक उपलब्ध कराए जाने की भी मांग रखी गई।जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा के लिए शीघ्र ही जिला स्तरीय समिति की बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान की पैदावार अच्छी है और रकबा भी बढ़ा है, ऐसे में समिति में तौल कांटे बढ़ाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि धान खरीद के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।शिष्टमंडल में सलविंदर सिंह कलसी, सुखविंदर सिंह, राजेंद्र सिंह, बलजीत, राकेश सिंह, अरुण कंबोज, धर्मपाल सिंह, शकील अहमद, साहब सिंह, अमरिंदर सिंह सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
