मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में की शिरकत

काशीपुर। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में शिरकत कर काशीपुर सहित पूरे कुमाऊँ अंचल को विकास की नई दिशा देने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश और देश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने के लिए हर स्तर पर नई नीतियों और ठोस कार्यों को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि काशीपुर से प्रारंभ यह कार्यक्रम आने वाले समय में पूरे प्रदेश में प्रबुद्धजनों से संवाद का माध्यम बनेगा।
“प्रबुद्ध जन हमारे समाज की शक्ति”
श्री धामी ने कहा कि काशीपुर के इस संवाद में डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षाविद, अधिवक्ता, उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिक एक साथ उपस्थित हुए हैं। इनके ज्ञान, अनुभव और सेवा भाव ने समाज एवं राष्ट्र को प्रगति की दिशा में अग्रसर किया है। उन्होंने कहा कि यही प्रबुद्धजन प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने वाले अग्रदूत हैं।
देश का बढ़ता आर्थिक व वैश्विक दबदबा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की नीति पर चलते हुए चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर चुका है। उन्होंने बताया कि आज देश डिजिटल क्रांति की मिसाल बन चुका है, जहाँ सब्जी बेचने वाली महिला तक यूपीआई से लेन-देन कर रही है। उन्होंने देश में बैंकिंग से जुड़े 55 करोड़ से अधिक लोगों का हवाला देते हुए कहा कि यह बदलाव भारत की आत्मनिर्भरता का आधार बन चुका है।उन्होनें कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम खड़ा करने वाला देश है। हमारे स्टार्टअप्स वैश्विक स्तर पर नवाचार की पहचान बन चुके हैं। भारत रक्षा, अंतरिक्ष, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनकर वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है।
ऐतिहासिक बदलाव और निर्णायक कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में धारा 370 की समाप्ति, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण और ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथाओं का अंत जैसे कदम ऐतिहासिक उपलब्धियों में दर्ज हुए हैं। साथ ही जन-धन योजना, उज्ज्वला, आवास और मुफ्त राशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को लाभ मिला है।उन्होंने बताया कि हाल में घटाए गए जीएसटी दरों से व्यापार और उद्योग जगत को सीधा लाभ मिलेगा। उत्तराखंड में भी इन ऐतिहासिक निर्णयों का असर देखने को मिला है।
प्रदेश में निवेश और उद्योग को नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 2023 में आयोजित ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते किए। इनमें से करीब 1 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतार दिए गए हैं। निवेश सुगमता के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है, साथ ही 30 से अधिक नीतियाँ लाकर उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया गया है।उन्होंने बताया कि काशीपुर में अरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर, पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क और सितारगंज में प्लास्टिक पार्क स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर रुद्रपुर, हरिद्वार और सेलाकुई में कम लागत वाली फ्लैटेड फैक्ट्रियां तैयार हो रही हैं।धामी ने स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप, स्टार्टअप्स के लिए 60 करोड़ की लागत से यू-हब, तथा 200 करोड़ का वेंचर फंड स्थापित करने की जानकारी दी।
पर्यटन, कृषि और स्थानीय उत्पादों पर ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि “वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट” योजना और “हाउस ऑफ हिमालयज़” ब्रांड से प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक पहचान मिली है। स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति और होमस्टे जैसी योजनाओं ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है।उन्होंने दावा किया कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य 2023-24 के इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। साथ ही ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में एचीवर और स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर श्रेणी हासिल की है। बेरोजगारी दर घटाकर 4.4 प्रतिशत तक लाना भी बड़ी उपलब्धि है।
कानून व्यवस्था और सामाजिक सरोकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करना उत्तराखंड की ऐतिहासिक उपलब्धि है। साथ ही नकल विरोधी कानून से 24 हजार से अधिक युवाओं को शासकीय सेवाओं में सफलता मिली है। उन्होंने “लैंड जिहाद” के खिलाफ सरकार की कड़ी कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि 9 हजार एकड़ से अधिक भूमि को मुक्त कराया गया है और 250 अवैध मदरसे सील किए गए हैं।उन्होंने घोषणा की कि जुलाई 2026 के बाद राज्य में केवल वे ही मदरसे चल सकेंगे जिनमें सरकारी बोर्ड का निर्धारित पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा। सरकार “ऑपरेशन कालनेमि” के जरिये सनातन संस्कृति को बदनाम करने वाले पाखंडियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान
कार्यक्रम के अंत में श्री धामी ने कहा कि “देश पेन की निब से लेकर अंतरिक्ष यान तक सब कुछ बनाने में समर्थ है।” उन्होंने प्रबुद्धजनों से आग्रह किया कि स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देकर आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती प्रदान करें।
प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गणेश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, भाजपा प्रदेश मंत्री खिलेंद्र चौधरी, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व सांसद बलराज पासी, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एडीएम पंकज उपाध्याय, एएसपी निहारिका तोमर सहित तमाम जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
