Uttarakhand

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर आयोजित हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम

 

Shubham Mishra
Shubham Mishra

रुद्रपुर। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में मनोचिकित्सा विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मनोचिकित्सक डॉ ईश कुमार ने आत्महत्या के जोखिम कारकों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसिक विकार, न्यूरोडेवलपमेंटल विकार, शारीरिक बीमारियां और नशे का सेवन आत्महत्या के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।

इसी क्रम में जिला चिकित्सालय रुद्रपुर के साइकेट्रिक सोशल वर्कर संजय रावत, साइकोलॉजिस्ट दशमेश कौर और माया ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पंतनगर, ऊधम सिंह नगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में आत्महत्या से होने वाले दुष्प्रभावों, इसके प्रमुख कारणों तथा मानसिक तनाव से बचाव के उपायों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।विशेषज्ञों ने बताया कि आत्महत्या के पीछे प्रमुख कारणों में मानसिक तनाव, सामाजिक दबाव, रिश्तों में समस्याएं और आर्थिक कठिनाइयां शामिल हैं। मानसिक तनाव के प्रभाव, उससे उत्पन्न रोगों और बचाव के उपायों के साथ ही इसके सामाजिक व आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में छात्रों को जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में दशमेश कौर और माया ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक प्रभावों पर भी जागरूक किया। नशे से समाज और परिवार पर पड़ने वाले गंभीर आर्थिक व सामाजिक प्रभावों को विस्तार से समझाया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में कुल 125 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।इस अवसर पर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पंतनगर के प्रधानाचार्य विवेक गौतम, शांतनु वर्मा, किशोर जोशी, महेश गोस्वामी, नवीन आर्य, उमेश चन्द्र पाल, संजय पाण्डेय, डोरी सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Shubham Mishra