Uttarakhand

आयुष्मान आरोग्य मंदिर लालपुर में शनिवार को क्षारसूत्र व अग्निकर्म चिकित्सा उपलब्ध

 

 

Shubham Mishra
Shubham Mishra

उधम सिंह नगर। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक कुमार शुक्ला के नेतृत्व में बुधवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर लालपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम में चिकित्सालय प्रभारी डॉ. सोनम, नेशनल आयुष मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी तथा शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अब्दुल कय्यूम शामिल रहे। टीम ने गुदा रोग से संबंधित क्षारसूत्र द्वारा शल्यकर्म एवं अग्निकर्म चिकित्सा कार्यों की शुरुआत को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डॉ. शुक्ला ने बताया कि अब प्रत्येक शनिवार को लालपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर में डॉ. अब्दुल कय्यूम द्वारा पाइल्स, फिशर और फिस्टुला जैसे रोगों का उपचार क्षारसूत्र पद्धति से किया जाएगा। इसके साथ ही अग्निकर्म चिकित्सा सहित अन्य आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सा सेवाएं भी मरीजों को उपलब्ध होंगी। उपचार हेतु रोगियों का पंजीकरण सोमवार से शुक्रवार तक चिकित्सालय में किया जाएगा। वहीं अन्य दिनों में सामान्य चिकित्सा सेवाएं पूर्व की भांति प्रभारी चिकित्सक डॉ. सोनम द्वारा संचालित की जाएंगी।क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से इस सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसके बाद अब आयुष विभाग द्वारा यह व्यवस्था शुरू की जा रही है।

Shubham Mishra