देहरादून में सीएम धामी ने बताया GST घटने के फायदे
देहरादून।
देहरादून में आयोजित “GST बचत उत्सव” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू नई GST दरों से हर नागरिक लाभान्वित हुआ है।

त्योहारों से पहले GST दरों में कटौती से आम जनता को बड़ी राहत मिली है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और इस निर्णय का स्वागत करते हुए पीएम मोदी व सीएम धामी का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून के कुँआवाला बाजार में “स्वदेशी अपनाओ” तथा जीएसटी की नई दरों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जनजागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत बाजार भ्रमण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उन्हें स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लाभों और कर प्रणाली में हाल ही में लागू की गई नई दरों के संबंध में जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना न केवल आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह स्थानीय कारीगरों, लघु उद्योगों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि दैनिक जीवन में अधिक से अधिक स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करें और विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरों में किए गए संशोधन का उद्देश्य आम जनता की सुविधा और व्यापारिक गतिविधियों को सरल बनाना है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और सरल कर प्रणाली के माध्यम से प्रदेश की आर्थिकी को गति मिलेगी । उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता और लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही “स्वदेशी अपनाओ” अभियान को व्यापक सफलता मिलेगी और राज्य की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।

इस अवसर पर विधायक श्री बृजभूषण गैरोला भी मौजूद थे।
