Uttarakhand

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें : डीएम भदौरिया

रूद्रपुर । जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शनिवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन पोर्टल देखें और प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें ताकि शिकायतें एल-2 स्तर तक लंबित न रहें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता से दूरभाष पर संपर्क स्थापित कर संतुष्टि की पुष्टि करें। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी एवं वेतन रोकने की कार्यवाही भी की जाएगी।डीएम भदौरिया ने विशेष रूप से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और उरेडा विभाग को निर्देश दिए कि रविवार 28 सितम्बर को अवकाश होने के बावजूद कार्यालय खोलकर सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पंचायतीराज, कृषि, पुलिस, विद्युत, पेयजल, जल संस्थान, जल निगम, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, श्रम, चकबन्दी और खाद्य आपूर्ति समेत सभी विभागों को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने और कार्यवृत्त जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विभागों की शिकायतें अधिक लंबित हैं उन्हें 29 सितम्बर से पूर्व प्रगति सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही सभी उप जिलाधिकारियों और निकाय अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर करने के लिए सख्त निर्देश दिए।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, ओसी गौरव पाण्डेय, अपर मुख्य अधिकारी जीके भट्ट, उप श्रमायुक्त केके गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सक्सेना, पेयजल निगम के सुनील जोशी, सिंचाई विभाग के आनंद सिंह नगी, जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नगर निकाय व संबंधित विभागीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी जुड़े।

Shubham Mishra