Uttarakhand

हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक बस हादसा: भूस्खलन की चपेट में आने से 18 की मौत, कई घायल

देहरादून/बिलासपुर। हिमांचल: 
देवभूमि हिमाचल प्रदेश से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बिलासपुर जिले के मरोतन से घुमारवीं जा रही एक निजी बस मंगलवार शाम भूस्खलन की चपेट में आ गई, जिससे बस पूरी तरह मलबे में दब गई। इस भीषण दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

 

हादसा मंगलवार शाम करीब 6:25 बजे बरठी भल्लू पुल के पास शुक्र खड्ड किनारे हुआ। पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा गिरने से बस क्षतिग्रस्त होकर दब गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान 18 शव बरामद किए गए, जबकि कई घायलों को मलबे से निकाला गया। दो बच्चियों और एक बच्चे को सुरक्षित बचाया गया, लेकिन इनमें से एक बच्ची की मां की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बस के चालक और परिचालक की भी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां पिछले कई दिनों से पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही थीं। इस बारे में लोक निर्माण विभाग को कई बार सूचित किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
नक्ष (7), बक्शी राम (42), नरेंद्र कुमार (52), कृष्ण लाल (30), चालक रजनीश (36), चुनी लाल (52), राजीव (40), शरील खान (25), संजीव कुमार (15), आरव (4), अंजना कुमारी, प्रवीण कुमार (40), कांता देवी (51), कमलेश (36), अमर सिंह (36) सहित अन्य। सभी मृतक बिलासपुर जिले के आसपास के गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने भी इस भीषण दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है।

Uma Shankar Kukreti