दूरस्थ संकण्ड गांव में हुआ विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन
गौचर (चमोली), 12 अक्टूबर।
रिपोर्ट – के. एस. असवाल।
विकासखंड कर्णप्रयाग के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र संकण्ड गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गोपेश्वर के तत्वावधान में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन अधिकार मित्र विक्रम सिंह बिष्ट ने किया।
शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सामाजिक एवं नागरिक दायित्वों पर भी चर्चा हुई।
ग्रामीणों ने इस दौरान गांव की सड़क सुविधा न होने की गंभीर समस्या उठाई। बताया गया कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी संकण्ड गांव तक सड़क नहीं पहुंच सकी है, जिसके कारण 45 परिवारों में से अब मात्र 12 परिवार ही गांव में रह गए हैं, जबकि अधिकांश परिवार पलायन कर चुके हैं।
विक्रम सिंह बिष्ट ने कहा कि संकण्ड गांव तक पहुंचने के लिए अब भी 10 किमी लंबा जंगली पैदल मार्ग तय करना पड़ता है, जो बरसात के दिनों में अत्यंत जोखिमपूर्ण हो जाता है।
ग्राम प्रधान शिवानी चौधरी ने आश्वस्त किया कि गांव की मुख्य समस्या सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है, जिसके समाधान हेतु शासन-प्रशासन स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान शिवानी चौधरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती शांतिदेवी, आशा कार्यकत्री लीला देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती अनीता देवी (ढमढमा), तथा विक्रम सिंह बिष्ट सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
