Uttarakhand

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ , दो अंतरजनपदीय अपराधी गिरफ्तार

पीलीभीत । बीसलपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो अंतरजनपदीय अपराधी दबोचे गए। दोनों बदायूं जिले के निवासी हैं और बिलसंडा थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात में वांछित थे।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के निर्देश पर चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। घटना 12 अक्टूबर की शाम करीब 7:40 बजे हुई, जब थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला, एसओजी टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिलसंडा से एक ग्रे रंग की बिना नंबर प्लेट वाली सैंट्रो कार आती नजर आई। पुलिस को देखते ही कार सवार युवकों ने वाहन घुमाकर तेजी से भागने की कोशिश की।पुलिस ने पीछा किया और कटना नदी के पास मजार वाले मार्ग पर उन्हें रोकने का प्रयास किया। बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। इसमें दोनों आरोपी घायल हो गए और पकड़े गए।गिरफ्त में आए बदमाशों की पहचान अशरफ पुत्र अकबर और असलम पुत्र लालखां, निवासी कस्बा सखानू, थाना अलापुर, जनपद बदायूं के रूप में हुई। घायल होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।पुलिस ने उनके कब्जे से दो 315 बोर तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखे, 6000 रुपए नकद और बिना नंबर प्लेट की सैंट्रो कार बरामद की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने 1 जून 2025 को बिलसंडा में लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों एक सक्रिय अंतरजनपदीय गिरोह के सदस्य हैं और इनके अन्य साथियों की तलाश जारी है। मामले में आगे कई संगठित अपराधों के खुलासे की संभावना है।

Shubham Mishra