Uttarakhand

काशीपुर में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण में मनमानी, श्रमिकों की जान पर खतरा

काशीपुर। नगर में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग परियोजना में ठेकेदारों की मनमानी साफ नजर आ रही है। साइट पर कार्यरत श्रमिक बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ऊंचाई पर काम कर रहे हैं, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। स्थिति ऐसी है कि न तो हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और न ही अन्य जरूरी सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व ही रुद्रपुर के निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में एक श्रमिक ऊपर से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों ने इस मामले से कोई सबक नहीं लिया। यहां काशीपुर की पार्किंग परियोजना में भी श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और श्रम विभाग की लापरवाही से कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है। इस मामले पर श्रम परिवर्तन अधिकारी बलराम सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन वह जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।श्रमिकों की सुरक्षा के लिए नियम-कायदों का पालन न होना साफ दर्शाता है कि ठेकेदार तेजी से काम पूरा करने के दबाव में श्रमिकों की जिंदगी को जोखिम में डाल रहे हैं। अगर जिम्मेदार अधिकारी तत्काल संज्ञान नहीं लेते तो यहां किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Shubham Mishra