Healthदेहरादून

दीपावली पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों पर सख्त निगरानी — देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग का चेकिंग अभियान जारी

 

देहरादून, 13 अक्टूबर।
आगामी दीपावली त्योहारों के दृष्टिगत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड, डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशानुसार जनपद देहरादून में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित किए जाने हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नगर निगम क्षेत्र देहरादून श्री रमेश सिंह ने बताया कि आज उपायुक्त गढ़वाल मंडल खाद्य सुरक्षा श्री आर. एस. रावत एवं सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना के नेतृत्व में विभागीय टीम द्वारा पटेलनगर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान समृद्धि सदन, पटेलनगर, देहराखास में हरियाणा निर्मित मिठाइयाँ — रसभरी, रसगुल्ला एवं चमचम आदि का संदेह के आधार पर 06 नमूने जांच हेतु लिए गए तथा मौके पर खाद्य लाइसेंस न मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।

इसके अतिरिक्त टीम द्वारा पटेलनगर क्षेत्र के अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ से मावा बर्फी का एक नमूना जांच हेतु लेकर खाद्य विश्लेषक को भेजा गया।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सयाना ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए आज पटेलनगर क्षेत्र से कुल 07 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए।

निरीक्षण दल में उपायुक्त गढ़वाल मंडल खाद्य सुरक्षा श्री आर. एस. रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (नगर निगम क्षेत्र) श्री रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (विकासनगर) श्री संजय तिवारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (ऋषिकेश) श्री संतोष कुमार सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी (मसूरी) श्री कपिल देव शामिल थे।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद देहरादून का यह अभियान दीपावली पर्व तक निरंतर जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।

 

Uma Shankar Kukreti