मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 09 मोबाइल मेडिकल यूनिटों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
खटीमा, 16 अक्टूबर 2025
ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में मिलेगी सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने निजी आवास नगला तराई, खटीमा से 09 मोबाइल मेडिकल यूनिट (एम्बुलेंस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 08 यूनिट हंस फाउंडेशन देहरादून के सहयोग से तथा 01 यूनिट हिन्दुस्तान जिंक व ममता संगठन के संयुक्त सौजन्य से प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हंस फाउंडेशन, हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड एवं ममता संगठन का यह प्रयास प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि मोबाइल स्वास्थ्य सेवाएं विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होंगी।
हंस फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री युद्धवीर सिंह ने जानकारी दी कि फाउंडेशन द्वारा प्रदत्त 08 मोबाइल यूनिटों में से 04 उधम सिंह नगर जनपद में तथा 04 नैनीताल जनपद में सेवाएं देंगी।
हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड की निदेशक श्रीमती अनामिका झा ने बताया कि राजस्थान के 04 जनपदों के साथ-साथ उत्तराखण्ड के उधम सिंह नगर के गदरपुर एवं किच्छा क्षेत्र के 25 ग्रामों में संचालित इन सचल चिकित्सा वाहनों के माध्यम से डॉक्टर, स्टाफ नर्स और काउंसलर द्वारा नियमित स्वास्थ्य परामर्श, जांच एवं उपचार सेवाएं दी जा रही हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्री अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मणिकांत मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
