DIPRHealthदेहरादून

विशाल रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 140 यूनिट रक्त संग्रहित; जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रेरक पहल

देहरादून, 23 अगस्त 2026। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं माननीय जिला न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून श्री हरीश कुमार गोयल के निर्देशानुसार रविवार को देहरादून में एक विशाल रक्तदान अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में लगभग 140 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर 140 यूनिट रक्त संग्रहित कराया।


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की सचिव श्रीमती सीमा डुँगराकोटी की उपस्थिति में आयोजित इस रक्तदान शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, समाजसेवा प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज़ तथा आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड ने संयुक्त रूप से सहयोग किया।
एनसीसी छात्राओं और सेना के जवानों ने दिखाई सामाजिक सरोकार की मिसाल
रक्तदान अभियान में स्थानीय नागरिकों के साथ एनसीसी के छात्र-छात्राओं एवं आर्मी की मद्रास इंजीनियर यूनिट के लगभग 70 जवानों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक कार्यकर्ताओं ने भी करीब 20 लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर शिविर तक पहुंचाया।


इस अवसर पर सचिव श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने रक्तदाताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने सभी से भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने और अन्य लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
“रक्तदान सबसे बड़ा दान, क्योंकि यह जीवनदान है”


सचिव श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जो जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने के साथ ही रक्तदाता को आत्मिक संतुष्टि और गर्व का अनुभव कराता है।
उन्होंने कहा, “रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि यह जीवनदान है। इस प्रकार के अभियान समय-समय पर आयोजित कर अनगिनत लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है।”
उन्होंने सभी नागरिकों से संकल्प लेने का आग्रह किया कि जब भी अवसर मिले, वे रक्तदान अवश्य करें और दूसरों को भी इस मानवीय कार्य के लिए प्रेरित करें।
राष्ट्रीय लोक अदालत और नशे के दुष्प्रभावों की भी दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान सचिव महोदया एवं पराविधिक कार्यकर्ता श्री हरीश रंसवाल ने उपस्थित लोगों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत, 12 सितंबर 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी तथा जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए। साथ ही लोगों के साथ नशे के दुष्प्रभावों पर भी चर्चा कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
दादी प्रकाशमणि को श्रद्धासुमन अर्पित करने का प्रयास
रक्तदान शिविर के मुख्य संयोजक बीके सुशील भाई एवं इंचार्ज मंजू दीदी ने बताया कि नारी शक्ति की प्रेरक ब्रह्माकुमारीज़ का यह आयोजन राजयोगिनी बीके दादी प्रकाशमणि को श्रद्धासुमन अर्पित करने का एक प्रयास है।
उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे विशाल रक्तदान अभियान आयोजित किए जाएंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून द्वारा पूर्व में भी आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।
इस सफल आयोजन में पराविधिक कार्यकर्ता अंजना रंसवाल एवं मंजू रावत सहित अन्य सहयोगियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
140 लोगों का रक्तदान केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के लिए जीवन की उम्मीद है।