देहरादून

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की गोवर्धन पूजा, प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना

 

देहरादून, बुधवार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौमाता की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण और मनुष्य एवं पशु के बीच के प्रेम का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी परंपराओं, संस्कृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बने रहने का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है। गौमाता सनातन संस्कृति और कृषि जीवन का अभिन्न अंग है। उनकी सेवा और संरक्षण न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि यह आजीविका और आत्मनिर्भरता का भी माध्यम है। कई परिवार गाय पालन और गो-सेवा से अपना जीवनयापन करते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने जनता से अपील की कि सभी लोग मिलकर गायों की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रयास करें। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार निराश्रित गोवंश के लिए गौ सदनों के निर्माण और संचालन को बढ़ावा दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले निराश्रित पशुओं के भरण-पोषण के लिए 5 रुपए प्रति दिन प्रति पशु की दर से राशि दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब 80 रुपए प्रति पशु प्रतिदिन कर दिया गया है। साथ ही, निजी गौशालाओं के निर्माण पर 60 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 54 गौ सदनों का निर्माण कार्य जारी है, और राज्य सरकार भविष्य में भी गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस कदम उठाती रहेगी।

 

Uma Shankar Kukreti