Foodदेहरादून

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, देहरादून में 14 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

मिठाई की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि लिखने के निर्देशों का कराया पालन, स्वीट्स शॉप और खाद्य प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण

देहरादून। त्योहारों के दौरान आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड की ओर से जनपद देहरादून में लगातार निरीक्षण और जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन श्री विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभागीय टीमों ने देहरादून, विकासनगर और ऋषिकेश क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 14 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए।

अभियान के तहत सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून श्री रमेश सिंह एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर श्री संजय तिवारी ने सेवला कला, प्रेमनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित खाद्य प्रतिष्ठानों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया।

इस दौरान आयुक्त खाद्य सुरक्षा के निर्देशानुसार मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि एवं अवसान तिथि अंकित किए जाने की व्यवस्था की भी जांच की गई। वहीं, संदेह के आधार पर खस्ता, बेवरेजेस और नमकीन सहित आठ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।

इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश क्षेत्र श्री संतोष कुमार सिंह ने ऋषिकेश के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान इन्फेंट मिल्क, फूड सप्लीमेंट, बिस्कुट, जूस और बेवरेजेस सहित छह खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

विभागीय अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 14 खाद्य नमूने एकत्र कर राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूने लेने का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।