Uttarakhand

पुष्प वर्षा से हुआ नगर कीर्तन का स्वागत, महापौर ने दी शुभकामनाएं

रुद्रपुर। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाशोत्सव के अवसर पर मंगलवार को शहर में निकाले गए भव्य नगर कीर्तन का नगर निगम गेट के समक्ष महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। महापौर समेत नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और पार्षदों ने पुष्प वर्षा कर संगत का अभिनंदन किया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

नगर कीर्तन में सबसे आगे श्री निशान साहिब और पांच प्यारे चल रहे थे। इनके पीछे सजी हुई विभिन्न धार्मिक झांकियां पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ रही थीं। ढोल-नगाड़ों और बैंड की मधुर धार्मिक धुनों के बीच “बोले सो निहाल… सत श्री अकाल!” के जयघोषों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा।स्वागत के दौरान महापौर विकास शर्मा ने प्रकाशोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी के उपदेश मानवता, भाईचारे और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज में प्रेम, करुणा और सेवा की भावना स्थापित की। आज के दौर में जब समाज विभाजन की ओर बढ़ रहा है, गुरु नानक देव जी के यह उपदेश और भी प्रासंगिक हो जाते हैं।महापौर ने कहा कि गुरु नानक देव जी का ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ का संदेश मानवता की सच्ची राह दिखाता है। हमें अपने जीवन में ईमानदारी, सत्य और नम्रता अपनाकर समाज में शांति और सौहार्द कायम करने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम रुद्रपुर सदैव ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सहयोग देने के लिए तत्पर रहेगा।नगर कीर्तन गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल से प्रारंभ होकर आदर्श कॉलोनी रोड, काशीपुर बाईपास रोड, अग्रवाल धर्मशाला रोड, भगत सिंह चौक, गल्ला मंडी, काशीपुर रोड, इंदिरा चौक, नगर निगम, रोडवेज, डीडी चौक, अग्रसेन चौक, गांधी पार्क और महाराजा रणजीत सिंह पार्क से होता हुआ गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा, गोल मार्केट पर संपन्न हुआ।स्वागत अवसर पर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, पार्षद चिराग कालरा, पारस चुघ, हरजीत राठी, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल, उमेद सिंह, कुलदीप कुमार, प्रशांत जौहरी, डॉ. पियूष रंजन, प्रकाश चन्द्र पंत, उमेश पंत, मोनिका, नेहा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, पार्षद और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Shubham Mishra