देहरादून

प्रधानमंत्री के भ्रमण को लेकर डीजीपी दीपम सेठ ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा — त्रुटिरहित सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

देहरादून, 08 नवम्बर 2025।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आगामी 09 नवम्बर को प्रस्तावित देहरादून भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री दीपम सेठ ने शनिवार को पुलिस लाइन, देहरादून में अधिकारियों के साथ सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

डीजीपी सेठ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के भ्रमण के दौरान त्रुटिरहित, अचूक और संवेदनशील सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए प्रत्येक अधिकारी सजग, सतर्क और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाए।


3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं

डीजीपी ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक कर्मी का टर्नआउट उच्चकोटि का हो तथा उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के बारे में पूर्ण ब्रीफिंग दी जाए।

उन्होंने वीवीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने और केवल पूर्व अनुमोदित व्यक्तियों को ही मिलने की अनुमति देने के निर्देश दिए।


कड़ी जांच और प्रवेश नियंत्रण पर जोर

डीजीपी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए निर्धारित सभी पॉइंटों पर HHMD और DFMD से प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच की जाए। किसी को भी बिना अनुमति किसी वस्तु को कार्यक्रम स्थल में ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कार्यक्रम समाप्ति के बाद भीड़ के सुरक्षित और व्यवस्थित निष्क्रमण हेतु पूर्व से समुचित प्रबंध किए जाएं।


रूट निरीक्षण और ड्रोन प्रतिबंध के निर्देश

डीजीपी ने वीवीआईपी रूट प्रभारी को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पूर्व सम्पूर्ण रूट व्यवस्था का निरीक्षण कर लिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि रूट पर कहीं कोई निर्माण सामग्री, अवरोध या अव्यवस्था न हो।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में किसी को भी ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


संदिग्धों की सघन जांच और विशेष बलों की तैनाती

सुरक्षा की दृष्टि से संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग, बीडीएस एवं डॉग स्क्वॉड टीमों द्वारा ऊँची इमारतों, जल टंकियों और आस-पास के स्थानों की तलाशी के निर्देश भी दिए गए।
डीजीपी ने कहा कि आवश्यकता अनुसार पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।


ड्यूटी के दौरान शिथिलता पर सख्त चेतावनी

श्री सेठ ने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई ब्रीफिंग

ब्रीफिंग बैठक में
अपर पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना एवं सुरक्षा) श्री अभिनव कुमार,
अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री वी. मुरुगेशन,
पुलिस महानिरीक्षक (फायर) श्री मुख्तार मोहसिन,
पुलिस महानिरीक्षक (अभिसूचना एवं सुरक्षा) श्री करण सिंह नगन्याल,
पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) श्री अनंत शंकर ताकवाले,
पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल परिक्षेत्र) श्री राजीव स्वरूप,
पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री सुनील मीणा,
पुलिस उप महानिरीक्षक श्री धीरेन्द्र गुंज्याल,
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून तथा अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Uma Shankar Kukreti