पूर्व मुख्यमन्त्री हरीश रावत की ‘गैरसैंण माल्टा पार्टी’ में पहुँचे दिग्गज कांग्रेसी नेता, माल्टा प्रतियोगिता से किया नया आगाज़
देहरादून, 06 दिसम्बर 2025।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा राजधानी देहरादून में ‘गैरसैंण माल्टा पार्टी’ एवं माल्टा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हरिद्वार बाईपास रोड स्थित नीरजा ग्रीन्स में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल सहित बड़ी संख्या में सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं ट्रेड यूनियन से जुड़े लोगों ने सहभागिता की।

हरीश रावत ने कहा कि इस समारोह का उद्देश्य उत्तराखंड के स्थानीय फलों—विशेषकर गैरसैंण, रामगढ़ और लोहाघाट के माल्टों—के स्वाद और महत्त्व को पुनः याद दिलाना है। उन्होंने कहा कि गडेरी के गुटके, कीवी, अमरूद, मसालेदार पकौड़ी, सिलबट्टे की चटनी जैसे स्थानीय व्यंजनों के संरक्षण व संवर्धन के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
“उत्तराखंडीयत और स्थानीय उत्पादों का संरक्षण हमारी प्रेरणा” — गणेश गोदियाल
कार्यक्रम में बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पहले भी राज्य की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों के प्रति समर्पित रहे हैं और आज भी उसी भावना के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि माल्टा के लिए “दस में दम नहीं, पच्चीस से कम नहीं” और नींबू के लिए “नौ में दम नहीं, बीस से कम नहीं” वाले प्रस्ताव का वे पूर्ण समर्थन करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस सरकार बनने पर स्थानीय उत्पादों के उचित मूल्य निर्धारण के लिए ठोस नीति बनाई जाएगी।
“हरीश रावत जी की उत्तराखंडीय सोच का सदैव सम्मान” — डा. हरक सिंह रावत
डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि माल्टा उनके जीवन के अनुभवों से जुड़ा है। उन्होंने हरीश रावत के ‘उत्तराखंडीयत’ के एजेंडे को प्रदेश की असली भावना बताते हुए कहा कि माल्टा, नींबू, गाद-गदेरे, कोदा, झंगोरा, मंडुवा जैसे पारंपरिक उत्पादों के संरक्षण के लिए वे हरीश रावत के साथ खड़े हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम
माल्टा प्रतियोगिता में महिलाओं एवं पुरुषों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।
महिला वर्ग
- प्रथम – उर्मिला थापा
- द्वितीय – मुन्नी वैशनवी
- तृतीय – पुष्पा पंवार एवं स्वाती नेगी (संयुक्त)
पुरुष वर्ग
- प्रथम – सूरज क्षेत्री
- द्वितीय – नरेन्द्र सिंह
- तृतीय – एस.पी. चौहान
विजेताओं को नींबू की माला पहनाकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
अध्यक्षता और आयोजन
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल राम रतन नेगी ने की तथा संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने किया।
इस अवसर पर संविधान निर्माता भारत रत्न डा. भीमराव अम्बेडकर की पुण्यतिथि पर एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
