Uttarakhand

महापौर दीपक बाली ने एक दिन में खोले चार ‘शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर’

काशीपुर। शहरवासियों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर दीपक बाली ने एक ही दिन में चार ‘शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों’ का उद्घाटन किया। इन आरोग्य मंदिरों के शुभारंभ से नगर में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को बल मिलेगा और नागरिकों को अब इलाज के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।

शहर के विभिन्न इलाकों में आयोजित भव्य उद्घाटन कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों ने महापौर दीपक बाली का फूलमालाओं से स्वागत किया। महापौर ने सुबह 11 बजे कुमाऊं कॉलोनी स्थित स्कॉलर्स अकैडमी जूनियर हाई स्कूल, मानपुर से उद्घाटन श्रृंखला की शुरुआत की। इसके बाद क्रमशः गढ़वाल सभा रोड स्थित रुद्राक्ष गार्डन के पास वार्ड संख्या 3 जसपुर खुर्द, वैशाली कॉलोनी के बालाजी मंदिर के पास तथा खड़कपुर देवीपुर वार्ड संख्या 11 ढकिया गुलाबो स्थित गोकुल स्कूल के निकट आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ किया गया।महापौर दीपक बाली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चलाई जा रही इस योजना से नगर में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। नगर निगम एवं प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं ताकि हर नागरिक को निःशुल्क प्राथमिक उपचार और परामर्श सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि यह पहल काशीपुर को बेहतर स्वास्थ्य ढांचे की दिशा में नई पहचान देगी।उद्घाटन अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह, चौधरी समरपाल सिंह, पार्षद अनिल कुमार, अंजना आर्य, प्रिंस बाली, अनूप कुमार, अशोक सैनी, राधेश्याम, बृजेश सैनी, कमल कुमार प्रजापति, राजेंद्र सिंह लाडी, सचिन ठाकुर, विजयपाल शर्मा, महेश आनंद लाखेड़ा, डॉ. सतीश, सुखदेव, सुभाष चंद्र त्यागी, राजरानी, अनीता रावत, बसंती देवी, अब्दुल सलीम, डॉ. हाफिज, भुवन चंद्र, मोहन चंद्र, कांडपाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Shubham Mishra