सीएम धामी बोले—सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अब “सोशल चेंज मेकर्स”; समाज में बड़ा बदलाव लाने की क्षमता
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून में आयोजित “उत्तराखंड क्रिएटर्स मीट–2025” में कहा कि सोशल मीडिया आज सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि अब कंटेंट क्रिएटर्स “सोशल चेंज मेकर्स” के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने सरकार और जनता के बीच मजबूत संवाद स्थापित किया है। “आज एक ट्वीट पर तुरंत कार्रवाई होती है, यही डिजिटल प्रशासन की ताकत है।”
भ्रम फैलाने वालों पर सख्ती, फैक्ट–चेक की अपील
सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री फैलाने को गंभीर बताते हुए सीएम धामी ने क्रिएटर्स से कहा कि बिना सत्यापन अफवाहों को प्रचारित न करें, बल्कि फैक्ट–चेक कर सही जानकारी जनता तक पहुँचाएं।
विकसित भारत–श्रेष्ठ भारत में उत्तराखंड की भूमिका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–श्रेष्ठ भारत विजन में उत्तराखंड की भूमिका पर सीएम धामी ने कहा कि राज्य के प्रत्येक ब्लॉक और गांव को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार तेजी से कार्य कर रही है।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है और अब तक 200 से अधिक अधिकारियों–कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी है।
निवेश, पर्यटन और इन्फ्रास्ट्रक्चर में बड़ी उपलब्धियाँ
मुख्यमंत्री ने बताया कि—
- राज्य की GSDP लक्ष्य से अधिक
- हेली कनेक्टिविटी का विस्तार
- औद्योगिक निवेश को बढ़ावा
- 3.56 लाख करोड़ से अधिक MoU
- 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश जमीन पर
- पर्यटन में लगातार रिकॉर्ड वृद्धि
महिला सशक्तीकरण पर राज्य सरकार का फोकस
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वरोज़गार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। राज्य सरकार महिलाओं की उद्यमशीलता बढ़ाने के लिए कई योजनाएं लागू कर रही है।
जल्द आएगी नई सोशल मीडिया नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष राज्य में नई सोशल मीडिया नीति लागू की जाएगी, जिसका उद्देश्य क्रिएटर्स को अधिक अवसर प्रदान करना, सरकारी योजनाओं का प्रभावी संप्रेषण और डिजिटल उत्तराखंड को गति देना है।
नैतिक जिम्मेदारी जरूरी
सीएम धामी ने कहा कि कुछ लोग व्यूज और फॉलोअर्स की दौड़ में नकारात्मक और गलत कंटेंट डालते हैं जिससे समाज और प्रदेश की छवि को नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स ऐसी प्रवृत्ति से बचें और सकारात्मक कंटेंट को बढ़ावा दें।
स्थानीय उत्पाद और पर्यटन के प्रमोशन की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स राज्य के पर्यटन, संस्कृति, लोक उत्पाद और कारीगरों को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, प्रसिद्ध जागर गायक प्रीतम भरतवाण सहित देशभर से आए डिजिटल क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स उपस्थित रहे।





