Uttarakhand

राजकीय इंटर कॉलेज मांडई में लोक संस्कृति दिवस व वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न

पौड़ी गढ़वाल :  राजकीय इंटर कॉलेज माण्डई में लोक संस्कृति दिवस एवं प्रथम वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया दिनांक 24 दिसंबर को मालन घाटी  क्षेत्र के एकमात्र इंटर कॉलेज राजकीय इंटर कॉलेज माण्डई में लोक संस्कृति दिवस एवं प्रथम वार्षिकोत्सव का आयोजन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री मधुसूदन बलूनी (प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य—पठोड़ अकरा), विशिष्ट अतिथि श्री दिवाकर काला (सेवानिवृत्त/भूतपूर्व प्रधानाचार्य) तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रदीप सिंह बिष्ट द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर किया गया।


इस अवसर पर प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय की वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत की गई, जिसमें विद्यालय का इतिहास, उपलब्धियाँ, वर्तमान में संचालित कार्यक्रमों एवं भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशिष्ट अतिथि श्री दिवाकर काला ने स्व. उन्द्रमणि बडोनी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का आह्वान किया।


इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने अपनी लोक संस्कृति से जुड़े अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सरस्वती वंदना, मांगल गीत, शिव वंदना, पांडव नृत्य, गढ़वाली एकल गीत, गढ़वाली युगल एवं समूह नृत्य जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। “नशा मुक्ति” विषय पर छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटिका को विशेष सराहना मिली। वहीं, ढोल सागर के मर्मज्ञ श्री गांधी लाल एवं उनके साथियों द्वारा पारंपरिक ढोल-दमाऊ पर प्रस्तुत ढोल सागर की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। छात्र-छात्राओं द्वारा आत्मरक्षा कौशल प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।


कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि सभी प्रस्तुतियों का स्मार्ट टीवी के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया, जो एक अभिनव पहल रही। साथ ही, घरेलू संसाधनों से निर्मित सेल्फी प्वाइंट दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
कार्यक्रम में PTA अध्यक्ष श्री कोमल सिंह नेगी, SMC उपाध्यक्ष श्रीमती यशोदा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मो. इरफान, आसपास के गाँवों के ग्राम प्रधान, अभिभावक, पूर्व छात्र-छात्राएं तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री चन्द्रमोहन नेगी एवं श्री आनन्दमणि कण्डवाल ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के उपरांत सभी उपस्थित जनसमुदाय को कंडाली का साग एवं झांगोरे की खीर से युक्त विशेष भोजन कराया गया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी क्षेत्रीय लोगों, शिक्षा जगत से जुड़े व्यक्तियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा अतिथियों एवं विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Uma Shankar Kukreti