Crimeदेहरादून

पटेलनगर लूटकांड: फरार दो और आरोपी गुप्तकाशी से गिरफ्तार, 82 हजार रुपये बरामद

14 लाख रुपये की लूट में अब तक सात अभियुक्त गिरफ्तार, कुल 3.02 लाख रुपये की बरामदगी

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में प्लॉट के सौदे के सिलसिले में ले जाए जा रहे 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल फरार चल रहे दो अन्य अभियुक्तों को गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लूट की रकम के 82 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी निवासी हरिपुर कलां, मोतीचूर अपने साथी दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविन्दर के साथ प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 859/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। इनमें सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह, शक्ति सिंह, कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू शामिल हैं।

शेष फरार अभियुक्तों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। सुरागरसी, पतारसी और सर्विलांस के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने 10 नवंबर 2026 को गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग से दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:

  1. सिद्धान्त बडोनी पुत्र भारतभूषण, निवासी 391 खुड़बुड़ा मोहल्ला, कोतवाली पटेलनगर, देहरादून, उम्र 24 वर्ष।
  2. दीपक सिंह शेखावत पुत्र बिहार सिंह, निवासी 14 एमडीडीए कॉलोनी, लक्ष्मण चौक, देहरादून, उम्र 25 वर्ष।

82 हजार रुपये की बरामदगी

पुलिस ने अभियुक्त सिद्धान्त बडोनी के कब्जे से 40 हजार रुपये तथा दीपक सिंह शेखावत के कब्जे से 42 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, इस लूटकांड में अब तक कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके कब्जे से कुल 3 लाख 2 हजार रुपये की बरामदगी हुई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

दून पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।